अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, 13 कब्जेदारों को किया गया बेदखल
Encroachment: खड्डा, कुशीनगर। भू-माफियाओं और अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंगलवार को नगर पंचायत खड्डा के वार्ड संख्या-3 लोहिया नगर में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया।
राजस्व अभिलेखों में खाद गड्ढा और सीलिंग खाते की सरकारी भूमि दर्ज गाटा संख्या-233 व 229मि पर अवैध कब्जा किया गया था। उप जिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल और नायब तहसीलदार खड्डा अभिषेक के नेतृत्व में राजस्व विभाग, नगर पंचायत खड्डा और पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
प्रशासन के अनुसार, उक्त भूमि पर 13 व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। इन सभी के विरुद्ध तहसीलदार खड्डा की अदालत में धारा-67 के तहत कार्रवाई करते हुए बेदखली का आदेश पहले ही पारित किया जा चुका था। इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अवैध निर्माणों को ध्वस्त करा दिया।
अधिकारियों ने बताया कि हल्का लेखपाल अजीत द्वारा अतिक्रमणकारियों को कई बार कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन पालन नहीं करने पर राजस्व टीम ने पुलिस बल की सहायता से कार्रवाई की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और राजस्व नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
अभियान के दौरान मधुकर श्रीवास्तव, अनुराग श्रीवास्तव, शिव कुमार, राहुल कुमार सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी और पुलिस बल मौजूद रहे।
