भारत-नेपाल सीमा पर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त गश्त, संदिग्ध गतिविधियों पर रखी गई नजर
BorderSecurity: सिद्धार्थनगर में भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए मंगलवार को थाना लोटन पुलिस एवं एसएसबी की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में सघन पेट्रोलिंग की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशान्त कुमार प्रसाद के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष हरिओंम कुशवाहा के नेतृत्व में हरिवंशपुर चौकी पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पर पिलर संख्या 539 के पास संयुक्त गश्त की।
इस दौरान सीमा क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों और वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस और एसएसबी जवानों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए स्थानीय ग्रामीणों से संवाद किया और उन्हें सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, तस्करी सहित अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए संयुक्त पेट्रोलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। सुरक्षा एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ सीमा क्षेत्र में सतर्कता बनाए हुए हैं।
