सरस सिंह हत्याकांड को लेकर सैथवार समाज में आक्रोश, पीड़ित परिवार से मिले राष्ट्रीय अध्यक्ष
SarasSinghMurderCase: पिपराइच थाना क्षेत्र के माधोपुर ग्रामसभा निवासी सरस सिंह की बेला कांटा चौराहे पर शनिवार रात हुई हत्या को लेकर सैथवार समाज में आक्रोश व्याप्त है। मंगलवार को सैथवार मल्ल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सैथवार के नेतृत्व में समाज के सैकड़ों लोग पीड़ित परिवार से मिलने उनके आवास पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान गंगा सिंह सैथवार ने परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सैथवार समाज पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराने तथा शासन स्तर पर पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस जघन्य घटना के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। समाज के लोगों ने भी घटना की निंदा करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले का शीघ्र एवं निष्पक्ष खुलासा कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर एस.पी. सिंह, विश्वजीत सिंह, जनार्दन सिंह, महेंद्र प्रताप मल्ल, भोला सिंह, अनिरुद्ध सिंह, रामबदन सिंह, बृजभूषण सिंह, नवरंग सिंह, शैलेश सिंह, संतोष सिंह, ग्राम प्रधान उमेश सिंह सहित सैथवार समाज के बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
