9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को अंतिम रूप
HarGharTiranga: संतकबीरनगर में आगामी 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने सभी विभागों को शहीद स्मारकों एवं महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंगाई-पुताई तथा संबंधित मार्गों की व्यवस्था समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को सुबह प्रभात फेरी एवं प्रार्थना कार्यक्रम के बाद सभी सरकारी और गैर-सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इस वर्ष झंडारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। सूर्यास्त से पहले सम्मानपूर्वक तिरंगा उतारने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक प्रत्येक नागरिक अपने घर, दुकान एवं प्रतिष्ठान पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराए तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में 12 अगस्त को विकास भवन से मौलाना आजाद इंटर कॉलेज तक तिरंगा रैली तथा 13 अगस्त को जिला सैनिक कल्याण भवन में तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित करने की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालयों में सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम तथा ‘हर घर तिरंगा’ सेल्फी अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। बैठक में अपर जिलाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रधानाचार्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
