राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढे में पलटा ऑटो, पानी में गिरा 4 माह का मासूम; राहगीरों और दुकानदारों ने बचाई जान
Accident: कुशीनगर जिले के पडरौना विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति लोगों के लिए खतरा बनती जा रही है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। ताजा मामला पडरौना शहर के कटकुइया मोड़ और सिधुवा स्थान के पास का है, जहां सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढे में एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार 4 माह का बच्चा पानी में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और आसपास के दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए मासूम बच्चे को पानी से बाहर निकाला और उसकी जान बचाई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बिहार और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग कई जगहों पर गड्ढों में तब्दील हो चुका है। कटकुइया मोड़ और सिधुवा स्थान के पास करीब 200 मीटर तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। बारिश के समय इन गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति की जानकारी जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
