जिला अस्पताल में मनाया गया कन्या जन्मोत्सव, 30 नवजात बालिकाओं को मिली बेबी किट
Birthday: बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत सोमवार को जिला चिकित्सालय में महिला कल्याण विभाग की ओर से कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाना, उनके प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना तथा बालिका कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने नवजात बेटियों के साथ केक काटकर उनके जन्म का उत्सव मनाया। उन्होंने 30 नवजात बालिकाओं के परिजनों को बेबी किट एवं मिष्ठान वितरित कर शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान जिलाधिकारी ने अभिभावकों से नवजात शिशुओं के नियमित टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की पात्रता एवं लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र विकास में परिवार तथा समाज की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि महिला कल्याण विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक माह प्रथम एवं तृतीय सोमवार को कन्या जन्मोत्सव आयोजित किया जाता है। उन्होंने पात्र परिवारों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ए.के. द्विवेदी, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. के.पी. त्रिपाठी सहित महिला कल्याण विभाग, वन स्टॉप सेंटर, जिला बाल संरक्षण इकाई तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
