लंबित विद्युत बिलों का शीघ्र भुगतान करें, जरूरत पर मुख्यालय से मांगे धनराशि: डीएम
Payment: विद्युत बिलों के लंबित बकाये के भुगतान और निर्बाध विद्युत आपूर्ति को लेकर जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, पंचायत विभाग, ग्रामीण पेयजल, आंगनवाड़ी केंद्रों, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग सहित अन्य विभागों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपलब्ध बजट के अनुसार लंबित विद्युत बिलों का तत्काल भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने कहा कि जिन विभागों के पास वर्तमान में भुगतान के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं है, वे बिना देरी किए अपने मुख्यालय से आवश्यक बजट की मांग करें और इसकी जानकारी जिला प्रशासन को भी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब नहीं होना चाहिए।
जिलाधिकारी ने विद्युत बिलों के भुगतान के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराने को लेकर संबंधित विभागों के मुख्यालयों को भी पत्र भेजने के निर्देश दिए, ताकि बकाया भुगतान जल्द से जल्द कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि विद्युत बिलों की प्रभावी वसूली और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। किसी भी प्रकार की समस्या आने पर जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
बैठक में विद्युत आपूर्ति, विभागीय समन्वय और अन्य संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध और प्रभावी तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अधीक्षण अभियंता विद्युत, अधिशासी अभियंता विद्युत, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
