Diseases: डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए विशेष जागरूकता अभियान की गई शुरुआत
diseases: जिले में राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए विशेष जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है।
इस अभियान के तहत सचल प्रचार वाहनों को सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 18 अगस्त तक चलेगा,
जिसमें प्रचार वाहन नगर निकायों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर डेंगू से बचाव और स्वच्छता के महत्व पर लोगों को जागरूक करेंगे।
खिड़कियों पर जाली लगाएं
सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से डेंगू, मलेरिया और फाइलेरिया जैसे संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनपदवासियों को स्वच्छता और नियमित साफ-सफाई के महत्व के बारे में बताया जाएगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे कूलर, फूलदान और अन्य जल पात्रों को साफ रखें, खिड़कियों पर जाली लगाएं, मच्छरदानी का उपयोग करें, पुराने टायरों और कबाड़ में पानी जमा न होने दें, और पानी के बर्तनों और टंकियों को पूरी तरह ढक कर रखें।
संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने कहा कि संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए प्रचार-प्रसार किया जाएगा। सभी सीएचसी और पीएचसी पर डेंगू की जांच किट उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग की ओर से आशा कार्यकर्ताओं की टीम बनाई गई है,
जो घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगी। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी लार्वा केमिकल का छिड़काव, फॉगिंग और जलजमाव निकासी के कार्य किए जाएंगे।
स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और नियमित सफाई करने की अपील
इस अभियान के माध्यम से जनपद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने और नियमित सफाई करने की अपील की है, जिससे डेंगू और अन्य वेक्टर जनित रोगों से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।
