Aayusman Card :आयुष्मान योजना के लाभार्थियों के लिए बुरी खबर, हटाए जाएंगे डेढ़ लाख लोग, शुरू होगा सर्वे
Aayusman Card: प्रधानमंत्री जनआरोग्य आयुष्मान के लाभार्थियों को झटका लगने वाला है।
इस योजना के दायरे में आ रहे डेढ़ लाख लोग अब इससे बाहर हो सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग उनका सर्वे शुरू करने जा रहा है। दर्शाए पते पर नहीं मिलने वालों का नाम आयुष्मान योजना से हटाने की संस्तुति की जाएगी।
साथ ही ऐसे लोगों को भी योजना के दायरे से बाहर कर दिया जाएगा जिनके नाम का सत्यापन आधार के मुताबिक नहीं हो सकेगा।
मुरादाबाद में आयुष्मान योजना के डिस्ट्रिक्ट कोआर्डिनेटर डॉ.पीतांबर सिंह ने बताया कि आयुष्मान योजना के लाभार्थियों की सूची में होते हुए भी डेढ़ लाख लोग अपने गोल्डन कार्ड बनवाने के लिए आगे नहीं आए।
पूर्व में हुए विभिन्न सर्वे व अन्य माध्यमों से मिली सूचना के मुताबिक इनमें से अधिकतर लोगों के निर्धारित जगह पर मौजूद नहीं मिलने की सच्चाई सामने आई।
काफी संख्या में ऐसे लाभार्थी भी हैं जिनके आधार में नाम योजना के लाभार्थियों की सूची में दर्ज नाम से मेल नहीं खा रहे हैं।
अंतिम रूप से ऐसे सभी लोगों का सर्वे कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
आशा कार्यकत्रियों को सर्वे की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सर्वे में नहीं मिलने वाले सभी लोगों के नाम आयुष्मान योजना के लाभार्थियों की सूची से बाहर कर दिए जाने की संस्तुति शासन को भेज दी जाएगी।
