विधायक की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा, गूंजे भारत माता के जयकारे
Tiranga Yatra: कुशीनगर जिले के खड्डा मे राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नगर पंचायत खड्डा में रविवार को भारतीय जनता पार्टी मंडल खड्डा के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा के राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ सुभाष चौक से हुआ। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंची। इस दौरान देशभक्ति गीतों और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा। सड़क के दोनों ओर लोगों ने उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया। हाथों में लहराते तिरंगों और देशभक्ति के नारों से खड्डा नगर पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक विवेकानन्द पाण्डेय तथा विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक दिपलाल भारती, नगर पंचायत खड्डा अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा एवं पूर्व नगर पंचायत खड्डा अध्यक्ष डॉ. निलेश मिश्रा मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा का नेतृत्व भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव ने किया।
इस अवसर पर विधायक विवेकानन्द पाण्डेय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान लोगों के भीतर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता और अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ नगर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विजय लक्ष्मी मिश्रा, जिला युवा व्यापार संघ जिलाध्यक्ष संतोष जायसवाल, सभासद संजय गुप्ता, रोहित श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार सिंह, नत्थू मौर्या, पवन मद्धेशिया, राजेश्वर सिंह, अजमेर अली, प्रधान प्रतिनिधि शिव यादव, धीरज सिंह, प्रधान गणेश कुशवाहा, प्रधान नरेंद्र गुप्ता, प्रधान प्रतिनिधि सुनील प्रजापति, विजय कन्नौजिया, नीरज, प्रदीप विश्वकर्मा, दिनानाथ मद्धेशिया, चंद्र प्रकाश तिवारी, प्रधान संघ अध्यक्ष खड्डा संग्राम सिंह यादव, अमर चंद मद्धेशिया सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान, सभासद और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव ने सभी भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
