सावन के प्रथम सोमवार पर श्री हट्ठी माई मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा
Kalash Yatra: सावन मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम चाफ खास स्थित प्राचीन श्री हट्ठी माई मंदिर से भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए भव्य कलश यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं और क्षेत्र के लोगों ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कलश यात्रा का शुभारंभ विधि-विधान के साथ मंदिर परिसर से हुआ। श्रद्धालुओं के हाथों में सजे कलश और “हर-हर महादेव” तथा “बोल बम” के गगनभेदी जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। यात्रा के दौरान भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष “बुलबुल” जायसवाल रहे। उन्होंने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर मनीष “बुलबुल” जायसवाल ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल हमारी सनातन संस्कृति और परंपराओं को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
कलश यात्रा के सफल आयोजन में संयोजक रतन खत्री, संतोष मिश्रा, आशुतोष मिश्रा, आचार्य अभिमन्यु दुबे सहित आयोजन समिति के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा विमला देवी, सुनीता देवी, शुशीला देवी, बिंदु देवी, आशा देवी, कमलावती देवी, प्रियंका देवी, सविता देवी, मोनू कुमार, रितेश पटेल, विनय राज, लवकुश दुबे, रंजीत गौड़, अजय गोंड, गुलाब प्रसाद, पप्पू, विशाल प्रसाद, अमित यादव, उज्जवल दुबे, रंजीत पटेल, छोटेलाल ठाकुर, चंचल प्रसाद, सन्नी मिश्रा, श्याम टीब्रेवाल, अनूप गौड़, संजय सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुई इस भव्य कलश यात्रा में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र, प्रदेश और देश की सुख-शांति, समृद्धि एवं जनकल्याण की प्रार्थना की।
