मासूम की मौत के सदमे से नहीं उबर पा रहा परिवार, मातम में डूबा पूरा गांव
Death: पिपराइच थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में शनिवार रात हुई मारपीट में मासूम सरस सिंह की मौत के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना के सदमे से परिवार ही नहीं, बल्कि पूरा गांव उबर नहीं पा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, घटना के बाद से कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले हैं।
सरस सिंह के मौसा राजू सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कह रहे हैं कि उन्होंने बच्चे को बेहतर भविष्य के लिए अपने पास बुलाया था, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि ऐसी अनहोनी हो जाएगी। सदमे के कारण उनकी हालत खराब बनी हुई है।
मृतक सरस सिंह बेला कांटा चौराहे स्थित जय माता दी विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। वह पढ़ाई में होनहार और व्यवहार में मिलनसार बताया जा रहा है। घटना के बाद उसके सहपाठी भी गहरे सदमे में हैं। कई बच्चों का कहना है कि उन्हें अब भी सरस की याद आ रही है और कुछ बच्चे सदमे के कारण विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं।
हैदराबाद से पहुंचे सरस के पिता बेटे की मौत से पूरी तरह टूट गए हैं। पिता का कहना है कि उन्होंने बेटे से दशहरा के मेले में आने और उसे मेला घुमाने का वादा किया था, लेकिन अब वह सपना कभी पूरा नहीं हो सकेगा। बेटे की मौत ने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया है।
घटना के बाद गांव, चौराहों और आसपास के क्षेत्रों में लोग सिर्फ मासूम सरस की मौत की चर्चा कर रहे हैं। ग्रामीण दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
