पुलिस टीम से अभद्रता और आरक्षी की वर्दी फाड़ने के मामले में महिला समेत तीन गिरफ्तार
Scrummage: कुशीनगर के थाना नेबुआ नौरंगिया पुलिस ने पुलिस टीम के साथ दुर्व्यवहार करने, आरक्षी की वर्दी फाड़ने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में वांछित एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र के भरपटिया सरपतही खुर्द निवासी पंकज चौधरी पुत्र धर्मवीर चौधरी 02 अगस्त 2026 को अपनी मोटरसाइकिल से पिपरा बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान सरस्वती इंटर कॉलेज लीलाधर छपरा के पास उसकी मोटरसाइकिल की टक्कर रंगी पुत्र लुट्टन की टीवीएस विक्की से हो गई।
आरोप है कि पंकज चौधरी नशे की हालत में था और दुर्घटना के बाद वह मौके से भागकर गन्ने के खेत में छिप गया। इसके बाद उसने अपनी मां बिन्दा देवी और भाई अभिषेक को मौके पर बुलाया, जहां रंगी के साथ मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलने पर थाना नेबुआ नौरंगिया पुलिस और पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद पंकज चौधरी, गोलू चौधरी और बिन्दा देवी ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि इस दौरान आरक्षी जानसन गोड़ की वर्दी फाड़ दी गई और उनका मोबाइल फोन सड़क पर पटककर क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
मामले में आरक्षी जानसन गोड़ की तहरीर पर थाना नेबुआ नौरंगिया में मुकदमा अपराध संख्या 271/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं और 7 सीएलए एक्ट में अभियोग पंजीकृत किया गया है। वहीं पीड़ित रंगी की तहरीर पर भी तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज चौधरी पुत्र धर्मवीर चौधरी निवासी भरपटिया सरपतही खुर्द, गोलू चौधरी पुत्र धर्मवीर निवासी सरपतही बुजुर्ग टोला भरपटिया और बिन्दा देवी पत्नी धर्मवीर निवासी सरपतही बुजुर्ग टोला भरपटिया थाना नेबुआ नौरंगिया के रूप में की है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी संजय दुबे, अपराध निरीक्षक राजेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दिनेश कुमार साहनी, कांस्टेबल प्रमोद प्रसाद, कांस्टेबल अरुण चौरसिया, महिला कांस्टेबल बेबी और महिला कांस्टेबल पुष्पा देवी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
