मंगलसूत्र लुटेरे ने पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
Encounter: यूपी के गोरखपुर में सोमवार की सुबह-सुबह पुलिस और मंगल सूत्र लूट के एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई।
पुलिस ने लुटेरे को घेरा तो लूट आरोपी ने सरेंडर करने की बजाए पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की जिसमें आरोपी को पैर में एक गोली लग गई।
गोली लगने के बाद आरोपी वहीं गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
आरोपी के पास से पुलिस ने लूटा गया मंगलसूत्र, तमंचा, कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक को बरामद कर लिया है।
पति के साथ जा रही महिला का मंगल सूत्र लूटने की इस घटना को गोरखपुर के गगहा इलाके में अंजाम दिया गया था।
पकड़े गए बदमाश की पहचान बड़हलगंज के परसिया गांव निवासी राजबहादुर यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, बीते 16 जून को एक महिला अपने पति के साथ रिश्तेदारी में जा रही थी।
रास्ते में गगहा कस्बे के पास पीछे से आए बाइक सवार ने झपट्टा मारकर मंगलसूत्र लूट लिया था।
अचानक हुई इस घटना से पति-पत्नी सकते में आ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को इस मामले जानकारी दी।
महिला की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस मामले की छानबीन कर ही रही थी कि सोमवार की सुबह सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी मंगलसूत्र बेचने जा रहा है।
सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे दबोच लिया।
आरोपी के पास से मिली ये चीजें
गोली लगने के बाद गिरे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस को महिला से छीना गया मंगलसूत्र (पीली धातु) और मुठभेड़ में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, एक अदद अवैध तमंचा मिला है।
