Demonstration:करणी सेना का प्रदर्शन,सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
Demonstration:बेलवा कारखाना क्षेत्र में चौराखास थाने के समक्ष करणी सेना ने एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर राजपूत समाज के खिलाफ की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया।
संगठन के जिलाध्यक्ष आर्यन सिंह राजपूत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाने पर पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
चौराखास थाना क्षेत्र के कस्तुरबा गांव निवासी एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी से नाराज करणी सेना के सदस्यों ने कहा कि इस तरह की टिप्पणियां समाज में वैमनस्य फैलाने और समुदायों को तोड़ने का काम करती हैं।
प्रदर्शनकारियों ने थानाध्यक्ष को तहरीर सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा।
प्रदर्शन के बाद थानाध्यक्ष विद्याधर कुशवाहा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है
और प्रारंभिक जांच के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषी के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान करणी सेना के प्रदीप राव, विजय प्रताप सिंह, मनीष कौशिक, अमरेश सिंह, झुन्नू सिंह, अनुराग कुमार, रंजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह कौशिक, प्रियांशु, हर्ष, अंकुश, रोहित सिंह, अरविंद सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से तहरीर सौंपने के बाद समाप्त हुआ।पुलिस ने स्थिति पर नजर रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त सतर्कता बरतने की बात कही है। मामले की जांच जारी है।
