SIM card से आधार लिंक स्कैम में फंसी महिला, लग गया 80 लाख का चूना, जालसाज हुए फरार, जानें…
SIM card: आजकल ऑनलाइन ठग नए-नए तरीके और हथकंडे अपनाकर भोले-भाले लोगों को साइबर क्राइम का शिकार बना रहे हैं और लोगों से करोड़ों की ठगी कर रहे हैं।
इसी तरह एक नई तरकीब से साइबर ठगों ने चंडीगढ़ की एक महिला से 80 लाख रुपये की ठगी कर ली है।
खास बात यह है कि ठगों ने इसके लिए सिम कार्ड (SIM card) और आधार लिंकेज के आधार पर महिला को निशाना बनाया।
खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का बताया अधिकारी
ट्रिब्यून इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, चंडीगढ़ के सेक्टर 11 की निवासी एक महिला को एक शख्स ने फोन किया और खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया।
उस शख्स ने महिला से कहा कि उसके आधार कार्ड पर जारी किए गए सिम कार्ड (SIM card) का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग के लिए हो रहा है।
इतना ही नहीं, ठगों ने महिला से कहा कि उसके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के कुल 24 मामले दर्ज हैं।
कॉल करने वाले ने महिला को धमकाया
कॉल करने वाले ने महिला को धमकाया कि अब उसकी गिरफ्तारी होने वाली है।
इससे घबराई हुई महिला ने उन्हीं लोगों की बताई तरकीब और इशारे में पर काम करना शुरू कर दिया।
ठगों ने कहा कि अगर गिरफ्तारी से बचना है तो उसके बताए हुए बैंक खाते में 80 लाख रुपये भेजने होंगे।
इससे मामला रफा-दफा हो सकता है। इसके साथ यह भी कहा कि अगर वह निर्दोष साबित हुई तो उसके पैसे लौटा दिए जाएंगे।
साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज
घबराई महिला ने गिरफ्तारी के डर से ठगों के बताए बैंक खाते में 80 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
हालांकि, बाद में उसे एहसास हुआ कि उसके साथ फ्रॉड हुआ है। तब तक जालसाज फरार हो चुके थे।
अब महिला की शिकायत पर चंडीगढ़ में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
