blackmail: 80 रुपये का छर्रा आता है, पता नहीं चलेगा’, रेप का वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर रहे शख्स ने लड़की को धमकाया,फिर..
blackmail: कानपुर के गुजैनी की रहने वाली एक लड़की को अपने जाल में फंसाने के बाद आरोपित ने उसके साथ रेप किया और इसका वीडियो बनाकर फिर दोस्तों के साथ भी संबंध बनाने के लिए ब्लैकमेल करने लगा।
उसने लड़की से दो लाख रुपये वसूलने की कोशिश की। इसके बाद लड़की थाने पहुंची तो पुलिस ने उसे टरका दिया। मंगलवार को आरोपित के धमकी भरे फोन की रिकॉर्डिंग और पीड़िता का
इंसाफ मांगने वाला वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने लगा तब पुलिस चेती। इस मामले में आनन-फानन में गोविंद नगर थाने में एफआईआर दर्ज करने का आदेश हुआ।
सोशल मीडिया पर पीड़िता और आरोपित की बातचीत के दो ऑडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें एक ऑडियो 25 सेकेंड का है। हिन्दुस्तान इन दोनों ऑडियो क्लिप की पुष्टि नहीं करता।
पहले ऑडियो में आरोपित कह रहा है कि अभी तुमने नाम सुना नहीं है हटिया तरफ के लौंडों का। समझ रही हो न…।
हमारा कहने का मतलब है कि प्यार से मानोगी तो ठीक है, वरना 80 रुपये का छर्रा आता है (…गाली और अभद्र भाषा का प्रयोग) समझ रही हो न।
दूसरा ऑडियो 13 सेकेंड का है जिसमें आरोपित पीड़िता को सिर्फ गालियां दे रहा है और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है।
पार्टी में बनाया निशाना गुजैनी निवासी पीड़िता की शिकायत अनुसार वह एक महिला मित्र की जन्मदिन की पार्टी में गई थी।
वहां पर उसकी मुलाकात पुखराज तिवारी नाम के युवक से हुई। उसने खुद को पीडब्ल्यूडी का जेई बताया और अपने जाल में फंसा लिया।
पीड़िता के मुताबिक आरोपित ने 24 जनवरी 2023 को गोविंद नगर में अपना जन्मदिन मनाया।
उसमें पीड़िता को भी बुलाया और नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर रेप किया। इसी दौरान उसका वीडियो बना लिया।
जब गोली मार देगा तब न्याय मिलेगा
ऑडियो वायरल होने के बाद पीड़िता का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें उसने कहा कि खुलेआम धमकी दे रहा है। अब तक किसी भी
स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जब वह गोली मार देगा तब कार्रवाई होगी क्या? मुझे न्याय चाहिए। अबतक किसी ने भी उसकी कोई मदद नहीं की।
मौसी के घर के बाहर गालीगलौज
पीड़िता के मुताबिक 16 अप्रैल को वह मौसी के घर पर थी। आरोपित अपने तीन और साथियों के साथ वहां पहुंचा। घर का गेट खुलवाकर वहां गलीगलौज की
और घर में मौजूद बहनों को कार में घसीटने का प्रयास किया। पीड़िता ने थाने में शिकायत की मगर पुलिस ने उसे टरका दिया। कोई कार्रवाई नहीं की।
एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने बताया कि पीड़िता गुजैनी की रहने वाली है और जनवरी में रेप की घटना गोविंद नगर क्षेत्र में हुई है।
आरोपित पुखराज और उसके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई हैं।
