Lovers :प्रेमी से शादी के लिए जिद पर अड़ी थी मनीषा, मां और जीजा हिरासत में; षडयंत्र रचने वालों की खोज जारी
lovers:सोनीपत जिले के मुरथल थाना क्षेत्र के गांव गयासपुर में प्रेम-विवाह पर अड़ी युवती की झूठी शान के
लिए हत्या उसके ही स्वजन ने की थी। पुलिस ने मनीषा की मां और उसके जीजा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अब पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि हत्या में कितने लोग शामिल थे और इसका षड़यंत्र किसने रचा।
पुलिस की दो टीम हत्यारोपितों की तलाश में छापामारी कर रही हैं।
यह था मामला
पुलिस को रविवार सुबह मुरथल थानाक्षेत्र के गांव गयासपुर में एक युवती की हत्या कर शव दफनाने की सूचना मिली थी।
क्षेत्र के गांव मलिकपुर के युवक ने पुलिस को सूचना दी थी कि युवती उसकी प्रेमिका थी।
युवती के स्वजन उनके प्यार का विरोध कर रहे थे। युवती ने उनसे अपनी हत्या की आशंका जताई थी।
पुलिस ने दोपहर में कब्र से गयासपुर के रमजानी की बेटी मनीषा (20) का शव निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया था।
उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान और नाक से खून बहने के निशान मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की
हत्या सिर पर भारी वस्तु से वार करके और गला दबाकर करने की पुष्टि हो गई थी।
अंतिम संस्कार का किया इंतजार
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मनीषा का शव उसके स्वजन को सौंप दिया था। रविवार शाम को उसको दफना दिया
गया। तब तक पुलिस शांत रही। पुलिस ने उसके परिवार के लोगों
और रिश्तेदारों को यह भी अहसास नहीं होने दिया कि पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई है।
उसके बाद सोमवार दोपहर को पुलिस ने मनीषा की मां को हिरासत में ले लिया।
उससे पूछताछ के बाद दिल्ली से मनीषा के जीजा को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह जानकारी तो मिल गई है मां व जीजा हत्या करने के दौरान मौजूद थे।
अब पुलिस यह पता लगा रही है कि हत्या कितने लोगों ने की और वह कौन थे? वहीं हत्या करने की साजिश किसने रची थी।
हमार पूछताछ जारी है। युवती की मां और जीजा से महत्वपूर्ण जानकारी मिल रही है।
अभी कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जानी है। मनीषा की
हत्या झूठी शान की खातिर उसके परिवार के लोगों ने ही की थी। – इंस्पेक्टर जसपाल सिंह, एसएचओ (थाना मुरथल)।
