मौनी अमावस्या को लेकर सीडीओ ने पनियहवा घाट का किया निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
Mauni Amavasya: रविवार दिनांक 18 जनवरी 2026 को पड़ने वाली मौनी अमावस्या के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए कुशीनगर की मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने पनियहवा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर की गई तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
निरीक्षण के दौरान सीडीओ ने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मौनी अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए घाट पर पहुंचते हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली तथा जहां आवश्यक पाया गया, वहां सुधार के निर्देश भी दिए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि स्नान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष छितौनी अशोक निषाद, अधिशासी अधिकारी अखिलेश यादव, उप जिलाधिकारी खड्डा रामवीर सिंह, नायब तहसीलदार अभिषेक सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक खड्डा गिरजेश उपाध्याय, थाना प्रभारी निरीक्षक हनुमानगंज संजय कुमार, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी खड्डा डॉ. पारस नाथ गुप्ता, लेखपाल विभव शर्मा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
