Blackmailing:वीडियो कॉलिंग के जरिए सेक्सटॉर्शन के शिकार हुए थे वृद्ध कारोबारी, गवां दिए 17 लाख,बेटी के सवाल पूछने पर…
blackmailing: पापा.. आपके हाथों की अंगूठियां और गले की चेन कहां हैं..। बेटी के सवाल पूछने पर वृद्ध कारोबारी सहम गया।
बेटी को इसका जवाब देने के लिए न तो उसके पास हिम्मत थी न ही जवाब।
बस आंखों में आंसू थे। बेटी के काफी बार पूछने पर वृद्ध पिता रो पड़ा।
बोला.. मुझे फंसाया गया है.. एक साल से ब्लैकमेलिंग का शिकार हूं। बदनामी न हो..इसलिए रकम दे रहा था। सोना भी बेचना पड़ रहा है।
यह कहते हुए वृद्ध कारोबारी रो पड़ा। यह एक पीड़ा थी वीडियो कॉलिंग के जरिए सेक्सटॉर्शन के शिकार हुए पांडुनगर के एक वृद्ध कारोबारी की।
जिन्होंने साइबर थाने में 17 लाख रुपये की ठगी की एफआईआर कराई है।
पांडुनगर स्थित एक अपार्टमेंट निवासी ईसाई परिवार में 65 वर्षीय वृद्ध सेक्सटॉर्शन के जाल में फंस गए।
उनके बेटे के मुताबिक 30 जनवरी 2023 को पिता के फोन पर एक अंजान नम्बर से वीडियो कॉल आई।
पिता ने उसे उठा लिया। जब तक वह कुछ समझ पाते सामने एक लड़की ने आपत्तिजनक हरकतें करते हुए वीडियो कॉल शुरू कर दी।
इस दौरान आरोपितों ने स्क्रीन शॉट और स्क्रीन रिकार्डिंग कर ली। पिता ने कॉल काट दी।
उसके बाद वही स्क्रीन शॉट पिता को भेजे गए और लड़की ने पैसा मांगने के साथ ही स्क्रीनशॉट को वायरल करने की धमकी दी।
उसके अगले दिन से पिता के पास ब्लैकमेल करने वाले मैसेज आने लगे।
उनसे आरोपितों ने कहा कि पैसे नहीं दिए तो यह सारे स्क्रीनशॉट परिवार वालों को भेज दिए जाएंगे। इससे पिता मानसिक रूप से काफी परेशान हो गए।
बेटी के पार्टनर को बताई घटना
पीड़ित की बेटी कैटरिंग का काम करती है। इस काम में उसके पार्टनर फरीदाबाद निवासी दिशांत मेहरा है।
पीड़ित ने दिशांत को अपने साथ घटित घटना के बारे में जानकारी दी।
वह नम्बर भी दिया जिससे धमकियां आ रही थी। बेटे के मुताबिक दिशांत ने पिता को बताया कि उसकी ब्लैकमेलर से बात हुई है और उसे पैसे दे देने चाहिए।
आभूषण बेचने पर खुली घटना
पीड़ित के बेटे ने बताया कि 17 लाख रुपये देने के बाद भी डिमांड कम नहीं हो रही थी और पिता का मानसिक तनाव बढ़ता जा रहा था।
पैसों की और डिमांड होने पर उन्होंने सोने के आभूषण बेचकर दिशांत के माध्यम से पैसे भिजवाए।
इसके बाद एक दिन बहन ने पिता की उंगली से उनकी सोने की अंगूठियां और गले से चेन गायब देखी। जब उनसे पूछा गया तब घटना के बारे में जानकारी हुई।
एक साल से थे तनाव में
पीड़ित के पुत्र ने बताया कि दिशांत ने पिता को यह भी बताया कि कोलकाता कोर्ट में उनके खिलाफ केस दर्ज हो गया है।
उसे जो अधिकारी देख रहे हैं उन्हें भी पैसा देना पड़ेगा। जिससे वह कोई कार्रवाई न कर दें।
इसके बाद पीड़ित ने दिशांत के माध्यम से ही पैसा देना शुरू किया।
बेटे ने बताया कि जनवरी 2023 से जनवरी 2024 तक पिता ने दिशांत के जरिए 17 लाख रुपये दे दिए।
एक साल तक वह तनाव में रहें कि कहीं उनके स्क्रीन शॉट कहीं वायरल न हो जाए।
क्या बोली पुलिस
साइबर थाना प्रभारी हरमीत सिंह ने कहा कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
घटना में पीड़ित की बेटी का पार्टनर भी संदेह के दायरे में है। अगर उसकी भूमिका निकलती है तो उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
यह पता किया जा रहा है कि जो पैसा भेजा गया वह किन खातों में ट्रांसफर हुआ है।
