Cyber Crime: विदेशी लड़की के झांसे में आ गया मेरठ का लड़का,लैपटॉप मिला न डॉलर, गंवा दिए पौने आठ लाख
Cyber Crime: मेरठ के रेलवे रोड निवासी एक युवक से विदेशी महिला ने फेसबुक पर दोस्ती की और बच्चों की मदद के नाम पर मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य सामान के साथ 30 हजार यूएस डॉलर भेजने का झांसा देकर 7.65 लाख रुपये हड़प लिए।
मुकदमा दर्ज कराया गया है और आरोपियों के बैंक खातों को बंद कराया जा रहा है।
अंकित गोयल निवासी साबुन गोदाम एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करते हैं। अंकित ने बताया कि उनके पास कुछ समय पूर्व एलिना बेन नाम से अमेरिकी महिला की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई।
अंकित और महिला फेसबुक पर दोस्त बन गए और बातचीत होती रही। महिला ने इच्छा जताई कि वह इस 30 हजार डॉलर और कुछ सामान को बच्चों को दान देना चाहती है।
एलिना ने अंकित को बताया कि वह पार्सल में कुछ सामान और रकम भेज रही है। 6 फरवरी 2024 को मुंबई एयरपोर्ट से कॉल अंकित के पास आई कि विदेश से पार्सल उसके नाम पर आया है, जिस पर पेनलटी लगी है।
पार्सल पर 26 हजार 500 रुपये का जुर्माना बताया गया, जिसका भुगतान अंकित ने ऑनलाइन कर दिया। जो बिना किसी बिल और अनुमति के भेजा गया है। अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की धमकी देकर करीब तीन लाख रुपये हड़प लिए गए।
एलिना ने कॉल किया, दिल्ली आ रही है
अंकित ने बताया कि सामान पकड़े जाने की जानकारी उसने एलिना को व्हाट्सएप पर दी थी। एलिना ने बताया कि वह दिल्ली आ रही है।
उसने फ्लाइट के फोटो भी भेजे। बाद में एलिना का कॉल आया कि उसे भी दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया है और दोबारा से अंकित से काफी रकम ट्रांसफर करा ली गई।
अंकित से कुल 7.65 लाख रुपये हड़प लिए गए। अंकित ने दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों से संपर्क किया तो पूरे खेल का खुलासा हुआ।
मेरठ साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज
अंकित ने बताया उनकी शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। जिन मोबाइल नंबर से उसे कॉल किया गया और ब्लैकमेल किया गया,
वे सभी मोबाइल नंबर चल रहे हैं, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। पुलिस और साइबर क्राइम टीम आरोपियों के बैंक खातों को सीज कराने में लगी है।
क्या बोली पुलिस
एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील है कि वह अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट पर ध्यान न दें और साइबर क्राइम से बचें।
