Rain:11 से 13 जनवरी तक आफत बनकर बरसेगी बारिश, यूपी के इन जिलों में पड़ेगी हांड़ कंपा देने वाली सर्दी…
Rain: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दो दिन बाद सर्दी और सितम ढाएगी। मौसम विभाग ने 11 से 13 जनवरी के बीच पंजाब,
हरियाणा के साथ पश्चिमी यूपी में भी हल्की बारिश होने की चेतावनी जारी की है।
इस बारिश (Rain) की वजह से दिन व रात के तापमान में गिरावट के साथ ठण्ड का प्रकोप और बढ़ेगा।
फिलहाल अगले दो दिन प्रदेश के जनजीवन को कड़ाके की ठण्ड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
बीते 24 घंटे के दौरान इटावा प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां रात का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में कहीं बहुत घना तो कहीं घना कोहरा छाया
रहेगा। कोल्ड डे कंडीशन की वजह से दिन में धूप नहीं निकलेगी।
कहीं-कहीं धूप निकलेगी भी तो बहुत हल्की रहेगी। राज्य के कुछ स्थानों पर शीतलहर का प्रकोप भी रह सकता है।
रविवार की रात प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर और लखनऊ मण्डलों में पारा सामान्य से तीन डिग्री तक कम रहा।
कानपुर में रविवार की रात का तापमान 4 डिग्री सेल्सिसयस रहा जबकि लखनऊ में यह 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रयागराज में यह 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि वाराणसी में रविवार की रात पारा 3.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
सेंट्रल यूपी और बुंदेलखंड में कोहरा और लापरवाही काल बन गई।
24 घंटे में अलग-अलग आठ हादसों में 14 लोगों की जान चली गई। 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दो बड़े हादसों में सात लोग काल के गाल में समा गए।
उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र स्थित आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सोमवार सुबह सई नदी पुल के पास
खड़ी डीसीएम में स्लीपर बस पीछे से घुस गई। हादसे में चार सवारियों की मौत हो गई,
जबकि सात को गंभीर चोटें आईं। बस राजकोट, गुजरात से सवारियां लेकर लखीमपुर खीरी जा रही थी।
कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में रविवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर खराब खड़े ट्रक से टकराकर स्लीपर बस
खाई में गिर गई। इसमें बैठी तीन सवारियों की मौत हो गई और छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह बस दिल्ली से सवारियां लेकर आजमगढ़ जा रही थी। वहीं, उरई के डकोर थाना क्षेत्र स्थित जैसारी मोड़ पर
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। दोनों रिश्तेदारी में हमीरपुर जा रहे थे।
महोबा में झांसी-मिर्जापुर राजमार्ग पर संतुलन बिगड़ने से भैंस लेकर जा रहा
एक कंटेनर मस्जिद की दीवार से जाट कराया। हादसे में कंटेनर चालक और एक व्यापारी के
साथ 35 भैंसों की भी मौत हो गई। हादसे में एक की हालत नाजुक है।
हमीरपुर में राठ-हमीरपुर रोड पर दो डंपर आपस में टकरा गए। हादसे में चालक व खलासी केबिन में फंस गए।
कटर से केबिन काटकर दोनों को निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हमीरपुर क्षेत्र में ही बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे में महोबा की रहने वाली महिला बाइक से गिर गई
जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, फतेहपुर में लोडर सीख रहे एक युवक ने महिला सहित तीन को टक्कर मार दी।
हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
कानपुर नगर के बिधनू थाना क्षेत्र में हमीरपुर रोड पर ट्रक की टक्कर से सचेंडी निवासी किसान की मौत हो गई।
गोण्डा के खोरहंसा और करनैलगंज क्षेत्र में कोहरे की वजह से हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई
जबकि तीन लोग घायल हो गए। अयोध्या हाईवे पर परसापुर पेट्रोल पम्प के पास सोमवार तड़के चार बजे पत्थर
लदे ट्रक व गन्न ले जा रही ट्राली में टक्कर हो गई। घटना में ट्रक और ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई।
दूसरी ओर करनैलगंज-हुजूरपुर मार्ग पर दत्तनगर गांव के पास
रविवार की रात किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई।
अयोध्या के बाबा बाजार थाना क्षेत्र के बदलेपुर गांव के निकट सोमवार की सुबह गन्ना लदे ट्रैक्टर ट्राली से बाइक की
आमने-सामने से जबरदस्त टक्कर हो गई। इसके बाद ट्रैक्टर ट्राली
अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हो गई।
