Fish:प्रतिबंधित थाई मंगूर मछली पर प्रशासन की कार्रवाई, 50 किलो मछलियां नष्ट
Fish: कैम्पियरगंज क्षेत्र के अलेनाबाद गांव में प्रतिबंधित थाई मंगूर मछली पालन के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की। एसडीएम सिद्धार्थ पाठक की मौजूदगी में मत्स्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर पोखरे में पाली गई लगभग 50 किलो मछलियों को नष्ट करा दिया।
जानकारी के अनुसार सीताराम के पोखरे में प्रतिबंधित थाई मंगूर मछली पाली जा रही थी। कार्रवाई के दौरान टीम ने मछुआरों से मछलियां निकलवाकर गड्ढा खुदवाया और नमक डालकर उन्हें नष्ट कराया।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पोखरे को पूरी तरह सुखाकर सभी प्रतिबंधित मछलियों को समाप्त किया जाए, ताकि आगे पुनः पालन न हो सके।
एसडीएम सिद्धार्थ पाठक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में प्रतिबंधित मछली पालन पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी के दौरान मत्स्य विभाग के टेक्निकल मछुआ बृजलाल पंडित, मत्स्य निरीक्षक वृजेश कुमार सिंह, लेखपाल गिरजा दत्त पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
