चोरी के पीछे कौन था? पुलिस ने खोला राज, तीन गिरफ्तार और जेवर-नकदी बरामद
Chori: कुशीनगर के कोतवाली हाटा पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण, 5500 रुपये नकद समेत चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश मदारी, पंकज मदारी और गोलू मदारी निवासी बरियारपुर टोला भड़सरा, थाना बरियारपुर, जनपद देवरिया के रूप में हुई है। तीनों आरोपी आपस में भाई बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी पायल, दो बिछिया, एक लोहे का फाल लगा बांस का डंडा, एक प्लायर्स, तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 5500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
कोतवाली हाटा पुलिस के मुताबिक मामले में मु0अ0सं0 416/2026 के तहत धारा 305, 331(4) और 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान चोरी की घटना से संबंधित है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दीपक कुमार सिंह, उपनिरीक्षक नंदलाल सरोज, मुख्य आरक्षी राहुल कुमार, आरक्षी अखिलेश कुमार सिंह यादव और आरक्षी सूरज साहनी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी है।
