Awareness campaign: मिशन शक्ति 5.0 के तहत चला जागरूकता अभियान
Awareness campaign: उत्तर प्रदेश शासन की ओर से संचालित मिशन शक्ति 5.0 द्वितीय चरण अभियान के तहत रविवार को जिले के सभी थानों की पुलिस ने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत सभी थानों की एंटी रोमियो टीमों ने स्कूल-कॉलेज, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं, बालिकाओं और आमजन को जागरूक किया। पुलिस टीमों ने महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम, उनके अधिकारों की रक्षा और आत्मरक्षा के उपायों के बारे में जानकारी दी।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस कर्मियों ने महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चिकित्सा सहायता 108, बाल सहायता नंबर 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में बताया। इसके साथ ही साइबर अपराध की शिकायत के लिए cybercrime.gov.in पोर्टल की जानकारी देकर लोगों को जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
एंटी रोमियो टीमों ने स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं छात्राओं को पंपलेट वितरित कर मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं से किसी भी तरह की परेशानी होने पर तत्काल संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। जिले में महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
