पुलिस खेल प्रतियोगिता का समापन, DIG ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
Sports competition: रिजर्व पुलिस लाइन कुशीनगर में आयोजित गोरखपुर जोन की अन्तर्जनपदीय पुलिस वॉलीबाल कलस्टर (महिला/पुरुष) एवं सेपक टकरा प्रतियोगिता 2026 का शुक्रवार को समापन हो गया। समापन समारोह में पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा और पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान डीआईजी ने खिलाड़ियों के अनुशासन, खेल भावना और प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस बल में शारीरिक फिटनेस के साथ टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में महिला वर्ग सेपक टकरा में बहराइच टीम ने जीत दर्ज की, जबकि पुरुष वर्ग में देवरिया टीम विजेता रही। इसी तरह महिला वॉलीबाल फाइनल में संतकबीरनगर ने कुशीनगर को हराया, वहीं पुरुष वर्ग में गोरखपुर ने कुशीनगर को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर सिद्धार्थ वर्मा सहित कई क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक एवं अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन से पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
