inspection: डीएम के औचक निरीक्षण में आरोग्य मेले की खामियां उजागर
inspection: संतोष कुमार शर्मा ने आज आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कृत पीपरा में आयोजित आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण में पाया गया कि मेले में केवल 27 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें से 26 को दवाएं वितरित की गईं। इसके अतिरिक्त 14 अन्य मरीजों के परीक्षण की सूचना दी गई। अपेक्षाकृत कम उपस्थिति और सीमित सेवाओं पर असंतोष जताते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि आरोग्य मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।
हेल्थ एटीएम को शीघ्र होगा चालू
दवा स्टॉक की जांच में सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध पाई गईं, जिस पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। हालांकि, हेल्थ एटीएम के निष्क्रिय पाए जाने पर डीएम ने कड़ी फटकार लगाई और इसे गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिया कि तत्काल कार्रवाई कर हेल्थ एटीएम को शीघ्र चालू कराया जाए।
इसके अलावा, केंद्र परिसर में दीवारों पर सीलन और साफ-सफाई की खराब स्थिति पर भी नाराजगी जताई गई। डीएम ने साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रसव कक्ष के निरीक्षण में उसके बंद पाए जाने पर उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए जल्द प्रसव सेवाएं शुरू कराने को कहा।
टीकाकरण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने एएनएम से जानकारी ली और निर्देश दिया कि टीकाकरण कार्य पूरी जिम्मेदारी से किया जाए। साथ ही ई–कवच और यू–विन पोर्टल पर शत-प्रतिशत सही और समयबद्ध डेटा फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखने तथा कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, मनोज कुमार मिश्रा, फार्मासिस्ट इम्तियाज अली सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
