Beating: पेट्रोल पंप पर दबंगई, महिला कर्मचारियों से मारपीट और लूट का प्रयास
Beating: कुशीनगर जनपद के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप पर दबंगों द्वारा खुलेआम गुंडई का मामला सामने आया है। सिंदूरिया विशुनपुर में एम/एस उन्नति फिलिंग स्टेशन के संचालक द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कुछ अराजक तत्वों ने पंप पर पहुंचकर महिला कर्मचारियों के साथ अभद्रता की, मारपीट की और कैश काउंटर में घुसकर लूट का प्रयास किया।
तहरीर के अनुसार, घटना 24 अप्रैल 2026 की सुबह लगभग 10 बजे की है, जब पंप पर कार्यरत महिला सेल्समैन ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान कुछ लोग जबरन अंदर घुस आए, गाली-गलौज करते हुए कर्मचारियों के साथ मारपीट करने लगे और कैश काउंटर से पैसे निकालने की कोशिश की।
विरोध करने पर महिलाओं को धमकाया गया, जिससे वे दहशत में आ गईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया। हालांकि, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम रही और कर्मचारियों की जान जोखिम में पड़ गई।
पंप संचालक ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पेट्रोल पंप परिसर में स्थायी पुलिस सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की गई है। घटना के बाद से पंप कर्मियों में भय का माहौल बना हुआ है और स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।
