सारण में Amit Shah की हुंकार: एक भी सीट गई तो थम जाएगा बिहार का विकास
Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को सारण जिले के तरैया विधानसभा क्षेत्र के मंझोपुर गांव में आयोजित चुनावी जनसभा में बिहार की जनता से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आगामी 6 नवंबर को तरैया से एनडीए प्रत्याशी जनक सिंह, अमनौर से कृष्ण कुमार मंटू सिंह सहित सारण की सभी दस सीटों पर एनडीए को प्रचंड बहुमत से जिताना जरूरी है, ताकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की रफ्तार और तेज हो सके।
अमित शाह ने मंच से स्पष्ट कहा कि बिहार में विकास की बयार तभी बहती रहेगी, जब एनडीए की सरकार पूर्ण बहुमत से सत्ता में आएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सारण से एक भी सीट महागठबंधन के खाते में गई तो विकास की गति थम सकती है।
बिहार में विकास चाहिए या जंगलराज?
सभा के दौरान शाह ने जनता से सवाल किया—“बिहार में विकास चाहिए या जंगलराज?” भीड़ ने जोरदार आवाज में जवाब दिया—“विकास!” इस पर शाह ने कहा कि यह जवाब बता रहा है कि जनता अब जंगलराज नहीं, विकास चाहती है। उन्होंने महागठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि “लालू एंड राहुल कंपनी” कभी भी बिहार को आगे नहीं बढ़ा सकती।
गृह मंत्री ने कहा कि एनडीए सरकार ने सड़कों, बिजली, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में जो काम किए हैं, वे पिछले शासनकाल की तुलना में ऐतिहासिक हैं।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार में जंगलराज को लौटने नहीं देंगे।
सभा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और “फिर एक बार, एनडीए सरकार” के नारों से माहौल गूंज उठा। सभा समाप्त होने के बाद अमित शाह हेलीकॉप्टर से पटना के लिए रवाना हो गए।
