Death: फटा Gas Cylinder चार की हुई मौत,मरने वालों में मां,दो बेटी और बेटा शामिल
Death: उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में शनिवार मार्निग गैस सिलेंडर फटने से परिवार के 4 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मां, 2 बेटी और बेटा शामिल है।
बताया जा रहा है कि किचन में पहले से गैस लीक हो रही थी। सुबह महिला चाय बनाने के लिए गई। उसने गैस जलाने के लिए माचिस जलाई।
इसके बाद आग लग गई, जिससे सिलेंडर फट गया। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। लोग आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। मगर, तब तक महिला और तीन बच्चे जिंदा जल गए।
इसके बाद गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे। फिलहाल, पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पूरी घटना आपको बताते हैं…
मामला भलुअनी थाना के डुमरी गांव का है। यहां शिव शंकर गुप्ता निर्माणाधीन घर में परिवार के साथ रहते हैं। उनका पावरोटी बेचने का काम है।
शनिवार सुबह किचन के बगल के रूम में तीनों बच्चे सो रहे थे। शिव शंकर दुकान पर जाने के लिए तैयार हो रहे थे।
उनकी पत्नी आरती देवी (42) किचन में चाय बनाने के लिए गई। जैसे ही उसने चाय बनाने के लिए माचिस जलाई। गैस सिलेंडर के रिसाव से आग लग गई।
शिव शंकर दौड़कर मौके पर पहुंचे। इसी बीच शोर सुनकर बच्चे भी जग गए। सभी आग से बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इतने में ही ब्लास्ट हो गया। इसकी चपेट में आने से आरती देवी, बेटी आंचल (14), सृष्टि (11 महीने), बेटा कुंदन (12) की मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि, शिव शंकर घर के बाहर निकलने में सफल हो गए। जिससे वो बच गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर अधिकारी मौके पर पहुंचे।
आग को बुझाकर चारों शवों को जली हालत में बाहर निकाला गया।
सूचना पाकर मौके पर डीएम अखंड प्रताप सिंह, SP संकल्प शर्मा और स्थानीय विधायक दीपक मिश्र शाका ने पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
प्रत्यक्षदर्शी बोले-हालात भयावह थे, समझ में नहीं आया क्या करें
ग्रामीणों ने बताया कि आग और सिलेंडर में ब्लास्ट होने से कमरे में रखा सभी सामान जल गया है।
गनीमत रही कि ब्लास्ट में घर की छत नहीं उड़ी। चीख-पुकार सुनकर हम लोग घर की और दौड़ पड़े। वहां हालात बहुत भयावह थे।
कुछ समझ में ही नहीं आ रहा था कि क्या करें? फिर भी हम लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की। कुछ देर में पुलिस यहां आ गई। अफसर भी मौके पर पहुंच गए।
आग बुझाकर बॉडी को बाहर निकाला गया। थानाध्यक्ष भलुअनी अर्चना सिंह ने बताया, “सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।”
डीएम अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि दुखद घटना हुई है। भलुअनी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में एक महिला सुबह चाय बना रही थी।
दुर्घटनावश गैस सिलेंडर फट जाने से महिला और उनके तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई है।
शवों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। जो उनको नियमानुसार कम्पनसेशन देय होगा, उसके लिए कार्यवाही करेंगे।
