MANREGA:स्वरोजगार के लिए मनरेगा कर्मियों को किया जायेगा प्रशिक्षित,उपमुख्यमंत्री ने दिया निर्देश
MANREGA: ग्राम्य विकास विभाग मनरेगा में 100 दिन काम कर चुके
परिवार के 18 से 45 आयु वर्ग के लोगों को प्रशिक्षित कर स्वरोजगार से जोड़ने का काम करेगी।
विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण देकर इन्हें कुशल व हुनरमंद बनाया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ऐसे मनरेगा मजदूरों का पंजीकरण कराने के बाद
प्रशिक्षण देने का काम शुरू करने का निर्देश विभाग के अधिकारियों को दिया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा है कि MANREGA श्रमिक सिर्फ श्रमिक बनकर न रह जाएं
इसलिए उन्हें उनके इच्छित क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए उन्नति परियोजना लाई गई है।
परियोजना के तहत 18-45 आयुवर्ग के 100 दिनों का रोजगार पूर्ण करने वाले
MANREGA जॉब कार्ड होल्डर/ परिवार के पात्र व इच्छुक सदस्यों को ग्रामीण स्व-रोजगार प्रशिक्षण
संस्थान (आरसेटी) के माध्यम से प्रशिक्षण दिए जाने की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा है कि इस प्रशिक्षण के बाद मनरेगा श्रमिक विभिन्न क्षेत्रों में काम कर
अपनी आमदनी बढ़ा सकेंगे। ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं
कि उन्नति परियोजना का क्रियान्यवन पूरी संवेदनशीलता व गंभीरता के साथ किया जाए।
परियोजना के क्रियान्यवन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या हीलाहवाली क्षम्य नहीं होगी।
ग्राम्य विकास आयुक्त जीएस प्रियदर्शी ने बताया है कि समस्त मुख्य विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं
कि वर्ष 2018-19 से 2023-24 के बीच MANREGA से 100 दिनों का रोजगार
प्राप्त 18-45 वर्ष तक के पात्र व इच्छुक मनरेगा श्रमिकों को चिन्हित किया जाए।
इन श्रमिकों का जिला स्तरीय कौशल विकास मिशन के माध्यम से कौशल पंजीकरण कराकर
जनपद के आरसेटी को पंजीकृत लाभार्थियों को प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, मेन्सन प्रशिक्षण दिलाया जाए।
