Crime: बहू का सिर तन से जुदा कर थाने पहुंचा ससुर, बोला- पतोहू ने लात मारी थी, मैंने काट दिया, फिर…
Crime: आगरा में एक ससुर अपनी बहू के लिए कसाई बन गया। उसने कुल्हाड़ी से बहू की
गर्दन काटकर धड़ से अलग कर दी। इसके बाद थोड़ी देर तक दरवाजे पर बैठा रहा।
फिर खुद ही थाने जाकर सरेंडर कर दिया। ससुर ने पुलिस से कहा, ‘मैंने अपनी बहू को काट डाला है।
उसने गुस्से में मुझे लात मारी थी। पूरी रात सो नहीं पाया।’ पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के आंगन में बहू की
रक्तरंजित लाश पड़ी थी। उसका सिर धड़ से अलग था। इस हत्याकांड पर महिला के मायके वालों ने जमकर हंगामा
मचाया। उन्होंने किरावली थाने के सामने जयपुर हाइवे पर जाम लगा दिया जिसे पुलिस ने बड़ी मुश्किल से खुलवाया।
घटना आगरा के किरावली थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव में मंगलवार की सुबह सात बजे हुई।
गांव मलिकपुर निवासी रघुवीर सिंह ने खाना बनाते समय छोटी बहू प्रियंका (26) पत्नी गौरव पर कुल्हाड़ी से
हमला बोला। पहला प्रहार पीछे से गर्दन पर किया। बहू के जमीन पर गिरते ही
कई प्रहार कर गर्दन धड़ से अलग कर दी। पुलिस की पूछताछ में हत्यारोपी ससुर ने बताया कि
देवरानी-जेठानी में सोमवार रात झगड़ा हुआ था। उसने बीच-बचाव किया। छोटी बहू ने उसकी एक नहीं सुनी।
गुस्से में उसे लात मार दी। वह पूरी रात नहीं सोया। सुबह आवेश में कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया।
मथुरा के वोरपा, मगोर्रा गांव निवासी धर्म सिंह ने अपनी बेटी संगीता और प्रियंका की शादी वर्ष 2015 में गांव मलिकपुर
में रघुवीर के घर में की थी। संगीता की शादी सौरभ और प्रियंका की शादी गौरव से हुई थी।
चार साल पहले संगीता की मौत हो गई। जेठ सौरभ ने दो साल पहले धर्मवती से दूसरा विवाह कर लिया।
करीब छह माह पहले सौरभ की भी मौत हो गई। धर्मवती विधवा है।
रघुवीर का छोटा बेटा गौरव यूपी पुलिस में कॉस्टेबल है। वर्तमान में उसकी तैनाती फर्रुखाबाद में है।
मायके वालों ने ससुर-दामाद के साथ छह पर दर्ज कराया केस
सूचना पर मथुरा से आए प्रियंका के मायके वालों ने जयपुर हाइवे पर जाम लगा दिया।
पिता ने ससुर, दामाद सहित छह लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
इसके पहले उन्होंने किरावली थाने के सामने जयपुर हाइवे पर जाम लगा दिया जिसे पुलिस ने बमुश्किल खुलवाया।
क्या बोली पुलिस
इस बारे में डीसीपी पश्चिम सोनम कुमार ने बताया कि मृतका के पिता धर्म सिंह की तहरीर पर ससुर रघुवीर सहित
छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमे में प्रियंका का सिपाही पति गौरव भी नामजद है।
ससुर गिरफ्तार है। पुलिस अन्य आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करेगी।
