Akhilesh yadav : लालू यादव से दिल्ली में मिले अखिलेश यादव, फोटो ट्वीट कर लिखी यह बात, क्या है मुलाकात के मायने?
Akhilesh yadav:राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से गुरुवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव
ने मुलाकात की। बीजेपी के खिलाफ बन रहे विपक्षी गठबंधन को लेकर दो दिन पहले ही
लखनऊ में लालू के बेटे तेजस्वी यादव बिहार के सीएम नीतीश के साथ अखिलेश यादव से मिलने
लखनऊ पहुंचे थे। ऐसे में इस मुलाकात को भी उसी की कड़ी माना जा रहा है।
अखिलेश यादव ने मुलाकात की तस्वीर खुद ट्वीट करते
हुए लिखा है कि आदरणीय लालू जी से एक ‘कुशलक्षेम-मुलाक़ात’।
आदरणीय लालू जी से एक ‘कुशलक्षेम-मुलाक़ात’। pic.twitter.com/gNivO8H3xz
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) April 27, 2023
लालू यादव सिंगापुर में किडनी का आपरेशन कराने के बाद दिल्ली में ही बेटी मीसा यादव के घऱ
पर रह रहे हैं। इसी घर पर अखिलेश यादव लालू से मिलने पहुंचे।
इस दौरान अखिलेश ने जो तस्वीर शेयर की है उसे देखकर लालू के सादगी से रहन सहन का भी
एहसास हो रहा है। लोग तस्वीर को वायरल करने के साथ इस बारे में लिख भी रहे हैं। तस्वीर मे
लालू एक चौकी पर बैठे दिखाई दे रहे हैं। जिस पर पतला गद्दा और सफेद चादर के डाली गई है।
लालू के पास ही प्लास्टिक की कई कुर्सियां और टेबल फैन भी रखा है।
प्लास्टिक के ही मेज पर उनकी दवाइयां और नैपकीन नजर आ रही है।
लालू की चौकी के सामने ही अखिलेश लकड़ी की कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं।
अखिलेश भी जिस कुर्सी पर बैठे हैं, वह काफी पुरानी लग रही है।
दोनों नेताओं की मुलाकात करीब 20 मिनट चली है। बताया जा रहा है कि अखिलेश ने लालू के
स्वास्थ्य का हाल जानने के साथ ही विपक्षी गठबंधन को लेकर चर्चा की है।
हालांकि लालू से मुलाकात के बाद बाहर निकलने पर अखिलेश ने मीडिया के पूछने पर भी कोई
जवाब नहीं दिया और चले गए। बाद में खुद ही अखिलेश ने ट्विटर पर मुलाकात की
तस्वीर शेयर करके लिखा कि आदरणीय लालू जी से एक ‘कुशलक्षेम-मुलाक़ात’ लिखा।
इससे पहले मार्च में अखिलेश यादव लालू के स्वास्थ्य का हाल जानने उनसे मिलने गए थे।
तब अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव भी गई थीं। यूपी में निकाय चुनाव चल रहा है।
भाजपा के सभी नेता लगातार प्रचार में लगे हैं। खुद सीएम योगी ताबड़तोड़ सभाएं कर रहे हैं
लेकिन अखिलेश का इस तरह दिल्ली पहुंचना और
लालू से मुलाकात के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
गौरतलब है कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार और लालू के बेटे तेजस्वी यादव विपक्षी नेताओं
को एकजुट करने की मुहिम में लगे हैं। 25 अप्रैल को लखनऊ अखिलेश और कोलकाता में ममता
से दोनों नेताओं ने मुलाकात की थी। इसके बाद दोनों नेताओं की
तरफ से नीतीश की मुहिम को समर्थन देने का भी ऐलान किया गया था।
