Kidnapping का सच:महिला को लगा व्हाइट शर्ट में वकील को अपराधियों ने उठाया,असलियत कुछ और..
kidnapping: पटना में गुरुवार को एक अफवाह फैली कि हाईकोर्ट के गेट नंबर 4 से एक वकील का
अपहरण (kidnapping) हो गया है। अपराधियों ने हथियार के बल उसे उठा लिया है। जबरन उसे व्हाइट कलर की
स्कॉर्पियो में बैठाया और फरार हो गए। इस बात के सामने आने के बाद से पटना पुलिस में हड़कंप मच गया।
कोतवाली थाने की पुलिस के साथ ही हाईकोर्ट की सिक्योरिटी में लगी टीम में सर्च ऑपरेशन में जुट गई।
किसी को समझ में नहीं आ रहा था कि अपराधी राजधानी में ऐसा दुस्साहस कैसे कर सकते हैं।
करीब तीन घंटे तक इस मामले को लेकर खलबली मची रही। हर कोई अपने स्तर से इसे कंफर्म करने में लगा था।
वहीं दोपहर बाद पूरे मामले से पर्दा उठ गया। जमुई जिले के लछुआर थाना से पुलिस की एक टीम पटना आई थी।
पुलिस टीम को हत्या के आरोपी की तलाश थी। दरअसल, 2021 के जनवरी महीने में लछुआर थाना इलाके में मुखिया
प्रकाश महतो की हत्या हुई थी। इस हत्या में लछुआर थाना के तहत
मरकाया गांव के रहने वाले मो. जुल्फकार का बेटा मो. सिकंदर मुख्य आरोपी है।
वारदात के बाद से ही वो फरार चल रहा था। इस कारण जमुई में ADJ-4 की कोर्ट से उसके खिलाफ
गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ था। लंबे वक्त से फरार रहने के कारण कोर्ट ने इसकी संपत्ति की कुर्की जब्ती का
आदेश भी जारी हो चुका है। जमुई पुलिस को इसके मूवमेंट के जानकारी मिली थी। पता चला था कि ये हाईकोर्ट के
आसपास है। उसके बाद टीम लगी और आज मिलर स्कूल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
व्हाइट शर्ट की वजह से लगा एडवोकेट
वहीं अपराधी मो. सिकंदर को जब जमुई पुलिस की टीम ने पकड़ा तो उस दरम्यान उसने व्हाइट कलर की
शर्ट और जिंस पहन रखी थी। व्हाइट शर्ट की वजह से उस बीच मौके पर मौजूद
एक महिला एडवोकेट को लगा कि किसी एडवोकेट को अपराधी हथियार के बल पर किडनैप (kidnapping) कर रहे हैं।
कोतवाली थाना की पुलिस के अनुसार जब स्कॉर्पियो वहां से अपराधी को लेकर निकली तो महिला एडवोकेट ने ही बात
फैला दी कि अपराधियों ने एडवोकेट को उठा लिया, लेकिन ऐसा था नहीं। जमुई पुलिस की टीम अपराधी को लेकर
कोतवाली थाना भी आई थी। अभी उसकी निशानदेही पर पटना के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी भी चल रही है।
वहीं जमुई पुलिस की टीम में दो पुलिसकर्मी सादे लिबास में और अन्य कर्मी वर्दी में थे।
