IPL: इकाना स्टेडियम में होंगे IPL के सात मैच, 30 को पहला मुकाबला, बीसीसीआई ने जारी किया शेड्यूल
IPL: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोमवार को आईपीएल का शेड्यूल जारी कर दिया है। यहां आईपीएल के मैचों का आगाज 30 मार्च से होगा।
गोमतीनगर शहीद पथ स्थित अटल बिहारी वाजपेयी इकाना अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में सात मैच खेले जाएंगे। यहां पहला मैच 30 मार्च को लखनऊ और पंजाब के बीच होगा।
7 अप्रैल को गुजरात, 12 अप्रैल को दिल्ली, 19 अप्रैल को चेन्नई, 27 अप्रैल को राजस्थान, 30 अप्रैल को मुंबई और 5 मई को कोलकाता के साथ लखनऊ का मैच होगा।
हैदराबाद और बेंगलुरु के साथ इस बार लखनऊ में मैच नहीं होगा। इससे आरसीबी व कोहली के फैंस में निराशा है।
अधिकारियों का कहना है कि लोकसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद पूरा शेड्यूल जारी किया गया है। इकाना में मैच संबंधी तैयारियां आखिरी दौर में हैं।
खिलाड़ियों के ठहरने से लेकर यातायात की व्यवस्था को दुरुस्त रखने का खाका भी तैयार किया जा रहा है। इस संबंध में जिला प्रशासन, यातायात पुलिस व अन्य विभाग को पत्र लिखा जा रहा है ताकि मैच में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आए। वहीं आम लोगों को भी किसी भी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आईपीएल ऑक्शन में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने शिवम मावी को 6 करोड़ 40 लाख रुपये में खरीदा। इसके अलावा एक अन्य अनकैप्ड इंडियन पर टीम ने 2 करोड़ 40 रुपये लुटाए, लेकिन बाकी चार खिलाड़ियों को उनकी बेस प्राइस में खरीदा।
एलएसजी ने एम सिद्धार्थ को 2.40 करोड़ में खरीदा, लेकिन टीम को डेविड मिली और एश्टन टर्नर जैसे खिलाड़ी बेस प्राइस में मिल गए। टर्नर को एक करोड़ और विली को 2 करोड़ की बेस प्राइस में खरीदा।
अरशद खान और अर्शिन कुलकर्णी को लखनऊ सुपर जाएंट्स ने 20-20 लाख रुपये की बेस प्राइस पर खरीदा। स्क्वॉड में 25 खिलाड़ी पूरे होने के बाद भी टीम के पर्स में 95 लाख रुपये बाकी थे।
लखनऊ की टीम के कप्तान इस सीजन में भी केएल राहुल होंगे और इस बार टीम और भी ज्यादा मजबूत नजर आ रही है, क्योंकि विदेशी खिलाड़ी टीम के पास दमदार हैं और भारतीय खिलाड़ियों के साथ उन्होंने तालमेल बिठाने का काम किया है।
यह है टीम
केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डिकॉक, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, काइल मेयर्स, मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुडा, देवदत्त पडिक्कल, रवि बिश्नोई, नवीन-उल-हक, क्रुणाल पंड्या, युद्धवीर सिंह, प्रेरक मांकड़, यश ठाकुर, अमित मिश्रा, मार्क वुड, मयंक यादव, मोहसिन खान, कृष्णप्पा गौतम, शिवम मावी, अर्शिन कुलकर्णी, एम. सिद्धार्थ, एश्टन टर्नर, डेविड विली और मोहम्मद अरशद खान।
