Mobile court: राज्य आयुक्त की अध्यक्षता में मोबाइल कोर्ट, 54 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
Mobile court: जनपद मुख्यालय स्थित डीपीआरसी हाल में मंगलवार को राज्य आयुक्त, दिव्यांगजन उत्तर प्रदेश प्रो. हिमांशु झा की अध्यक्षता में मोबाइल कोर्ट का आयोजन किया गया। इस दौरान दिव्यांगजनों की विभिन्न समस्याओं की सुनवाई कर उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मोबाइल कोर्ट में दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आवास, शौचालय, दिव्यांग पेंशन, सहायक उपकरण एवं अंत्योदय राशन कार्ड से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। कुल 54 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इनमें 14 दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि 6 लाभार्थियों को व्हीलचेयर, स्मार्ट केन, एडीएल किट एवं श्रवण यंत्र जैसे सहायक उपकरण वितरित किए गए।
राज्य आयुक्त प्रो. हिमांशु झा ने जिला दिव्यांगजन अधिकारी को निर्देशित किया कि शेष समस्याओं का समाधान सभी संबंधित विभागों के समन्वय से एक माह के भीतर सुनिश्चित किया जाए, ताकि दिव्यांगजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर उप निदेशक दिव्यांगजन विभाग गोरखपुर मंडल सहित चिकित्सा, पूर्ति, श्रम एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
