Farmer Registry अनिवार्य, बिना रजिस्ट्रेशन नहीं मिलेगा यूरिया व सरकारी योजनाओं का लाभ
Farmer Registry: जनपद में किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। उप कृषि निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि बिना फार्मर रजिस्ट्री के किसानों को उर्वरक सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल सकेगा।
उन्होंने बताया कि वास्तविक किसानों को सरकारी सुविधाएं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की गई है। वर्तमान में जिले में लगभग 4.20 लाख किसानों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है, जबकि करीब 2.26 लाख किसानों की रजिस्ट्री अभी लंबित है।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशन में राजस्व, कृषि, ग्राम विकास, पंचायती राज विभाग तथा जन सेवा केंद्रों के माध्यम से यह कार्य तेजी से कराया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य फर्जी किसानों को हटाकर वास्तविक किसानों को लाभ पहुंचाना है।
अधिकारियों के अनुसार फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होने के बाद किसानों का डाटा भूमि रिकॉर्ड पोर्टल से जुड़ जाएगा, जिससे उन्हें किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), उर्वरक, फसल बीमा एवं अन्य योजनाओं का लाभ बिना किसी अतिरिक्त दस्तावेज के आसानी से मिल सकेगा।
कृषि विभाग ने सभी किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण कराएं, ताकि किसी भी सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहें।
