Wedding:बारात लेकर आया था बड़ा भाई, छोटे के साथ हो गई दुल्हन की विदाई, जानें क्यों हुआ ऐसा!
wedding: यूपी के संभल के असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में बारात लेकर पहुंचे युवक की शादी में
उस समय हंगामा हो गया जब उसकी पत्नी बच्चे के साथ पहुंच गई. महिला ने आरोप लगाया
कि उसका पति दूसरी शादी कर रहा है. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शादी की रस्मों को रुकवा दिया
और युवक को थाने लाया गया. युवक की होने वाली दुल्हन का निकाह छोटे भाई के साथ किया गया.
अनोखे निकाह (wedding) का यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है.
ये है पूरा मामला
संभल में दूसरा निकाह करने पहुंचे युवक की होने वाली दुल्हन का निकाह युवक के छोटे भाई के साथ किए
जाने का यह अनोखा मामला असमोली थाना इलाके के दवाई खुर्द गांव का है.
बताया जा रहा है बीते बुधवार को अमरोहा जिले के सैद नगली थाना इलाके के भदौरा गांव का युवक दूल्हा बनकर
अपनी बारात के साथ असमोली थाना इलाके के दवोई खुर्द गांव में पहुंचा था. बारात पहुंचने पर
लड़की पक्ष के द्वारा जोरदार स्वागत के बाद युवक के निकाह की तैयारियां की जा रही थीं,
इसी दौरान एक महिला ने 3 वर्ष के बच्चे के साथ पहुंचकर युवक को अपना पति बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया.
हंगामा कर रही महिला ने लड़की पक्ष के लोगों को बताया कि युवक का निकाह उसके साथ 5 वर्ष पहले हो चुका है
और 3 साल का बच्चा भी है. युवक धोखे से दूसरा निकाह कर रहा है.
पुलिस के सामने अपनी बात से पलटा युवक
महिला द्वारा हंगामा किए जाने के बावजूद लड़की पक्ष के लोगों ने उसकी बातों पर गौर नहीं किया
तो महिला ने पुलिस को फोन कर दिया. महिला की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस को देखते ही दूल्हा बना युवक तुरंत अपनी बात से पलट गया. अपनी सफाई पेश करते हुए
कहा कि वह अपने छोटे भाई की बारात लेकर निकाह कराने आया है, अपना निकाह करने नहीं.
छोटे भाई के साथ विदा हुई दुल्हन
युवक की सफाई सुनकर लड़की पक्ष के लोग भी हैरान रह गए ,
जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत के बाद युवक के छोटे भाई के साथ निकाह कर दुल्हन को विदा कर
दिया गया. युवक के छोटे भाई के निकाह की रस्म का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.
