Road accident: भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने बाइकसवार माता-पिता सहित दो बच्चियों को रौंदा
road accident: तेज रफ्तार ने पीलीभीत जिले में रविवार को माता पिता सहित दो मासूम बच्चियों की जिंदगी छीन
ली। हादसा बरखेड़ा में हुआ। ट्रक की टक्कर इतनी भीषण थी कि चारो की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया जबकि चालक फरार हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
चारों को रौंदता हुआ निकल गया ट्रक
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव परेवा अनूप निवासी पीतमराम अपनी पत्नी ईश्वरी देवी तथा पांच वर्षीय बेटी नंदिनी व डेढ़
साल की रूबी को साथ लेकर बाइक से जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव सुसियार गए थे।
वहां से पूरा परिवार साढू मुकेश कुमार के परिवार में एक मरीज को देखने चला गया।
रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे पीतमराम बाइक से ही पत्नी और दोनों बच्चों के साथ वापस घर लौट रहे थे।
पीलीभीत-बीसलपुर रोड पर बरखेड़ा कस्बे के निकट नोबल गन्ना क्रेशर के साथ अनाज लदे एक ट्रक ने बाइक में टक्कर
मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर गिर गए।
ट्रक इन सभी को कुचलता हुआ आगे निकल गया। इससे मौके पर ही चारों लोगों की मृत्यु हो गई। राहगीरों ने हादसे
की सूचना फोन से थाने पर दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इस बीच चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
ट्रक के पहिए से चूर-चूर हो गया हेलमेट
राहगीरों के अनुसार बाइक चालक ने हेलमेट पहन रखा था लेकिन जब ट्रक का पहिया उसके सिर से लगा तो हेलमेट
चकनाचूर हो गया। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह के अनुसार दुर्घटना करने वाले ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।
मौके से फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा।
