Police raid: घर में छापेमारी के दौरान ढोलक के अंदर जो रखा मिला उसे देखकर पुलिस के भी होश हो गये फाख्ता
police raid: दिल्ली से पीलीभीत पहुंची पुलिस ने जब यहां के एक युवक के घर छापा मारा तो वह भी हैरान रह गई।
घर में टंगी ढोलक को देखकर पुलिस का दिमाग ठनका तो उसे उतरवा लिया गया।
पुलिस ने जब ढोलक को तुड़वाया तो वहां का नजारा देखने वाला था।
ढोलक के अंदर जो रखा मिला उसे देखकर पुलिस के भी होश फाख्ता हो गए।
ढोलक के अंदर 18 लाख रुपये रखे थे। दरअसल दिल्ली में अपने कारोबारी मालिक को चकमा देकर
20 लाख रुपये लेकर एक शख्स भाग आया था। दिल्ली पुलिस उसी की तलाश में पीलीभीत पहुंची और
बिलसंडा पुलिस के साथ छापा मारकर आरोपित को पकड़ लिया।
आरोपितों की निशानदेही पर 18 लाख घर में टंगी ढोलक से बरामद हुए।
पुलिस आरोपित ड्राइवर को अपने साथ दिल्ली ले गई। ढोलक के
अंदर से मिले 18 लाख रुपये निकालने का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव पसगवां का पवन शर्मा पिछले कुछ वर्षों से दिल्ली में एक
बड़े व्यापारी की कार का ड्राइवर है। शनिवार रात दिल्ली पुलिस उसकी तलाश में बिलसंडा पहुंची।
दिल्ली पुलिस के उपनिरीक्षक वरुण अपनी टीम सिपाही रविन्द्र और प्रदीप के साथ थाने पहुंचे।
पुलिस को बताया कि आरोपी पवन के खिलाफ दिल्ली के बाराखम्बा थाने अपने
मालिक बीके सब्बरवाल के 20 लाख रुपये लेकर भागने की रिपोर्ट दर्ज है।
2 नबम्बर को मालिक जब मीटिंग में थे उसी वक्त पवन कार छोड़कर रुपये लेकर भाग आया।
मोबाइल भी बंद कर लिया। घटना के दिन ही रात को दिल्ली पुलिस की ओर से आरोपी की लोकेशन मांगी गई थी।
एसपी के निर्देश पर पुलिस गांव गई लेकिन पवन नहीं मिला। लेकिन उसकी लोकेशन बिलसंडा के आसपास मिली।
शनिवार को दिल्ली पुलिस ने बिलसंडा पुलिस के साथ आरोपित के घर छापा मारा।
पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले पुलिस को उलझाता रहा बाद में सख्ती से पूछताछ और
एक डील में उसने सच बता दिया। घर में टंगी ढोलक से पुलिस ने 18 लाख रुपये बरामद किये।
दो लाख रुपये आरोपित खर्च होने की बात बता रहा था। दिल्ली पुलिस बरामद रुपयों और आरोपी को लेकर
चली गई। दिल्ली के बाराखंभा में एसएचओ मौसम गनी ने बताया कि
आरोपित अपने कारोबारी मालिक की कार पार्किंग में सही ढंग से खड़ी करने की बात कहकर चाबी लाया।
कार खोलकर रुपयों का बैग लेकर भाग गया। चाबी भी साथ ले गया। बताया हमारी टीम पीलीभीत गई थी।
ढोल फ़िल्म से मिला आइडिया
एक साथ 20 लाख की भारी भरकम रकम को किसी तरह से दिल्ली से लेकर पवन अपने गांव तो आ गया,
लेकिन रुपयों को सुरक्षित रखने की तरकीब उसे राजपाल यादव की ढोल फ़िल्म से मिली।
घर पहुंचते ही उसने पहले चुपके से ढोलक को खोल लिया। फिर उसमें रुपये भरकर बंद कर दिया।
किसी को शक न हो इसलिये उसे छुपाया भी नहीं बल्कि दीवार पर
लगी खूंटी में टांग दिया। पुलिस भी पवन के शातिर दिमाग पर हैरान रह गई।
बिलसंडा में हत्या समेत तीन मुकदमे…
दिल्ली पुलिस ने जिस पवन को पकड़ा है उसपर बिलसंडा थाने में ही हत्या एससी एक्ट समेत तीन मुकदमें दर्ज हैं।
घटना और आरोपित की गिरफ्तारी के बाद बिलसंडा पुलिस ने दिल्ली पुलिस को पवन की क्राइम हिस्ट्री सौंपी है।
क्या कहते हैं एसपी
एसपी दिनेश कुमार पी ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने छापे के दौरान स्थानीय पुलिस का सहयोग मांगा था।
स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी के दौरान 18 लाख रुपये बरामद किया गया है।
