‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संकल्प के साथ 25 नन्हीं कन्याओं का मनाया गया जन्मोत्सव
Birthday Celebration: रायबरेली जनपद के सामुदायिक केन्द्र, विकास प्राधिकरण रतापुर में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विश्वास, विकास और जनकल्याण के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।
कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थियों तथा वृद्धावस्था पेंशन योजना के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इसके साथ ही बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अंतर्गत लाभार्थियों को पोषाहार किट प्रदान कर योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
सम्मेलन में सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देते हुए ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत 25 नन्हीं कन्याओं का जन्मोत्सव भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कन्याओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, लाभार्थी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।
