Meeting:एसपी रेलवे ने की ऑनलाइन समीक्षा बैठक,सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश
Meeting: गोरखपुर रेलवे अनुभाग में पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था और तकनीकी व्यवस्थाओं को लेकर अहम समीक्षा बैठक की।
11 फरवरी 2026 को अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी और पुलिस महानिरीक्षक रेलवे लखनऊ रामकृष्ण भारद्वाज के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र ने ऑनलाइन समीक्षा गोष्ठी आयोजित की।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सवि रत्न गौतम, पुलिस उपाधीक्षक रेलवे गोरखपुर विनोद कुमार सहित अनुभाग के सभी थाना प्रभारी, सीसीटीएनएस कर्मी और संबंधित डीसी मौजूद रहे।
CCTNS और ई-एफआईआर पर जोर
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि सभी थानों का डेटा CCTNS पोर्टल पर रियल टाइम में अपडेट किया जाए, ताकि अपराध नियंत्रण में कोई तकनीकी बाधा न आए। किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित डीसी से समन्वय करने को कहा गया।ऑनलाइन प्राप्त ई-एफआईआर के त्वरित निस्तारण के भी निर्देश दिए गए।
जीरो एफआईआर में देरी नहीं
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी यात्री को रिपोर्ट दर्ज कराने में परेशानी न हो। मामला किसी भी क्षेत्र का हो, तत्काल जीरो एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाने को स्थानांतरित किया जाए।
गुमशुदगी और लंबित मामलों की समीक्षा
बैठक में गुमशुदगी और रिकवरी अभियानों की समीक्षा की गई। पुराने लंबित मामलों में तेजी लाने के लिए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर सख्ती
रेलवे पुलिस को निर्देशित किया गया कि आउटर और स्टेशनों के आसपास, जहां ट्रेनें धीमी होती हैं, वहां पिकेट ड्यूटी लगाई जाए। ऐसे स्थानों पर कुछ आपराधिक तत्व डंडे या लोहे की रॉड से यात्रियों पर हमला कर मोबाइल छीनकर भाग जाते हैं। इन घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित गश्त करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के निर्देश दिए गए।
रेलवे पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
