Road Accident : हाईवे पर ट्रक से टकराई कार, तीन युवकों की मौत, चार गंभीर घायल
Road Accident: कुशीनगर के हाटा मे रविवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बहुभोज कार्यक्रम में शामिल होकर कार सवार युवक हाटा लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका हाटा के वार्ड संख्या 4 अहिरौली तुलादास निवासी आकाश वर्मा की शादी के उपलक्ष्य में शनिवार रात बहुभोज का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में आर्केस्ट्रा भी था, जिसे देखने के बाद देर रात आकाश के भाई हरीश वर्मा समेत सात युवक कार से हाटा के लिए रवाना हुए।
जब कार नगर के समीप एक मैरेज हॉल के पास पहुंची, तभी हाईवे पर खड़े एक ट्रक टेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार में सवार युवक अंदर ही फंस गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
मौके पर पहुची पुलिस
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हाटा पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने हरीश वर्मा (23 वर्ष) पुत्र पुरुषोत्तम, अमन वर्मा (26 वर्ष) पुत्र श्रवण वर्मा निवासी अहिरौली तुलादास तथा नितिश वर्मा (20 वर्ष) पुत्र कृष्ण मुरारी निवासी पिपरा कपूर को मृत घोषित कर दिया।
चार की स्थिति गंभीर
हादसे में घायल सूरज वर्मा (22), मुकेश वर्मा (19), विकास वर्मा (26) निवासी अहिरौली तुलादास तथा शैलेश वर्मा (18) निवासी हाटा खास को प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
