Stork: सिर्फ 10 मिनट की मुलाकात, आरिफ को देखते ही बेताब हो गया सारस, चोंच में दबा ली उंगली, देखें यह VIDEO
Stork: चार महीने बाद मिले, देखते ही पहचान गया मेरा दोस्त…कैद में तड़प रहा मेरा दोस्त…। सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के साथ जारी वीडियो ने एक बार फिर आरिफ गुज्जर और सारस की दोस्ती की फिर याद दिला दी। आरिफ टिकट लेकर और मुंह ढक कर प्राणि उद्यान पहुंचा ताकि उसे कोई पहचान न ले। वह सारस के पिंजरे के पास गया। बोला, पहचान गए। बस फिर क्या था। सारस की अपने दोस्त के लिए तड़प बहुत कुछ कहती दिखी।
https://www.instagram.com/reel/CuoPDYPggAH/?igshid=MTc4MmM1YmI2Ng==
आरिफ बताते हैं कि वह गुरुवार को खामोशी से कानपुर आए और बिना किसी को जानकारी दिए सीधे प्राणि उद्यान चले गए। कई दिन से दोस्त सारस की याद सता रही थी। जब एक दिन बेचैनी बढ़ी तो मुलाकात के लिए निकल पड़ा। काउंटर से टिकट खरीदा। हमें कोई जानता नहीं था। मास्क लगाया और जू में दाखिल हो गया। सीधे उसी पिंजरे में गया जहां हमारा दोस्त था।
चुटकी बजाई, बोला..अरे पहचाना..पहचाना
आरिफ पिंजरे के पास खड़ा हुआ तो थोड़ी देर उसकी निगाह उस पर नहीं पड़ी। वह गुमसुम एक कोने में खड़ा था। जैसे ही चुटकी बजाई…कहा, पहचाना। बस फिर क्या था वह जाली के करीब आ गया। हमारी उंगलियों को अपनी चोंच में दबाकर अपने प्यार का इजहार करने लगा। उसने उछलना शुरू कर दिया। उसकी खुशी या तड़प का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता था। आरिफ ने कहा कि मैं वहां 10 मिनट रुका। मैं भी अंदर ही अंदर बहुत परेशान होने लगा। ऐसे में जल्दी लौटना ही ठीक लगा।
इमोजी लगाकर की विनती
आरिफ ने इंस्टाग्राम पर जो पोस्ट डाली है उसमें अपनी बात को कुछ इमोजी बनाकर संकेतों में कहा गया है। पहले सारस की इमोजी है और फिर रोते हुए इमोजी का चेहरा बनाया गया है। इसी के साथ हाथ जोड़ने वाला इमोजी है जो संकेत कर रहा है जो लोगों से कुछ आग्रह कर रहा है। आरिफ का कहना है कि चार माह बाद मैं यहां आया। मेरा आग्रह है कि हमारे दोस्त को हमें सौंप दिया जाए।
