Power connection: कागजों में ही बांट दिए बिजली कनेक्शन,न मीटर लगाया और न पोल से केबल खींची
power connection: राजधानी लखनऊ में लेसा में बिजली कनेक्शन देने में फर्जीवाड़ा हो रहा है।
बिजली कनेक्शन की फीस जमा होने के बावजूद न परिसर पर मीटर टांगा गया और न केबल खींची गई।
इंजीनियरों ने सिर्फ कागजों पर कनेक्शन बांटकर झटपट पोर्टल पर मीटर दर्ज कर दिया।
वहीं भीषण गर्मी में कनेक्शन न मिलने से परेशान लोग सबस्टेशनों के चक्कर लगा रहे हैं।
पावर कॉरपोरेशन ने भले ही झटपट पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन बिजली कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की।
इसके बावजूद सरोजनीनगर, दुबग्गा, बीकेटी सहित लेसा के इंजीनियर फर्जीवाड़ा करने से बाज नहीं आ रहे।
बिजली कनेक्शन की फीस जमा होने के बावजूद जूनियर इंजीनियर न उपभोक्ता के परिसर में मीटर लगाया और न
केबल खींची। लेकिन झटपट पोर्टल पर मीटर फीड कर दिया, लेकिन उपभोक्ताओं के घरों में आज भी अंधेरा पसरा है।
केस- एक
सरोजनीनगर निवासी सना खान ने (आवेदन सं. 1012859619) 28 अप्रैल को 2098 रुपये बिजली
कनेक्शन की फीस जमा कर दी, लेकिन परिसर में अभी तक मीटर तक नहीं लगा, जबकि जूनियर इंजीनियर ने कम्यूटर में कार्य पूर्ण दर्ज कर दिया।
केस-दो
अमौसी निवासी मोहम्मद जुनैद ने (आवेदन सं. 1012913633) 06 मई को
1798 रुपये बिजली कनेक्शन की फीस जमा कर दी, लेकिन परिसर में न मीटर लगा और न केबल खींची गई।
केस-तीन
दुबग्गा उपकेंद्र के निवासी सलमान खान ने (आवेदन सं. 1012688219) 14 मार्च को 7956 रुपये जमा किया।
इसके बावजूद बिजलीकर्मियों ने अभी तक परिसर पर मीटर नहीं लगाया।
सात दिनों में बिजली कनेक्शन देने का नियम
विद्युत वितरण संहिता-2005 के अनुसार बिजली कनेक्शन की फीस जमा होने के बाद सात दिनों के भीतर
मीटर लगाकर कनेक्शन मिल जाना चाहिए। अगर कोई जूनियर इंजीनियर,
एसडीओ, एक्सईएन कार्य में लापरवाही करते हैं तो उपभोक्ता की शिकायत पर कार्रवाई हो सकती है।
उपभोक्ता उत्पीड़न पर आयोग में प्रत्यावेदन दिया जाएगा
उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि बगैर कनेक्शन दिए झटपट पोर्टल
पर मीटर फीड कर देना अपराध है। उपभोक्ता उत्पीड़न के खिलाफ जल्द नियामक आयोग में प्रत्यावेदन दाखिल किया जाएगा।
लेसा में हर महीने 1500 बिजली कनेक्शन आवेदन
लेसा में हर महीने 1500 बिजली कनेक्शन के आवेदन होते हैं। सर्वाधिक कनेक्शन बीकेटी, चिनहट, फैजुल्लागंज,
मोहनलालगंज, गोसाईगंज, समेसी, सरोजनीनगर, दुबग्गा, पारा, काकोरी, मलिहाबाद सहित शहर के अन्य आउटर क्षेत्रों में होता है।
लेसा मुख्य अभियंता संजय जैन ने बताया कि बिजली कनेक्शन की फीस जमा होने के बावजूद अगर उपभोक्ता के
परिसर में मीटर लगाकर कनेक्शन नहीं दिया गया है तो संबंधित अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
