Wrestlers: पहलवानों से यौन शोषण केस में बृजभूषण की दिल्ली पुलिस के सामने पेशी, दर्ज हुआ बयान
wrestlers: पहलवानों से यौन शोषण केस में दिल्ली पुलिस की जांच अब तेज हो गई है।
यौन शोषण के आरोपोंं में घिरे भारतीय कुश्ती संघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने
शुक्रवार को दिल्ली पुलिस के सामने पेश होकर अपने बयान दर्ज कराए हैं।
इस दौरान पुलिस की ओर से किए गए सवाल-जवाबों के दौरान उन्होंने सभी आरोपों को नकारते हुए खुद को बेगुनाह बताया है।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पहलवानों की शिकायत पर डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का बयान दर्ज किया गया
और उनसे कुछ दस्तावेज मांगे गए हैं। बृजभूषण ने अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन किया है।
इस मामले की जांच के लिए महिला डीसीपी की देखरेख में चार महिला पुलिस अधिकारियों समेत 10 पुलिसकर्मियों वाली एसआईटी का गठन किया गया है।
एसआईटी में कई अलग-अलग ब्रांच के पुलिस अफसरों को शामिल किया गया है।
महिला पहलवानों द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर कई राज्यों में जाकर इस केस से जुड़े इनपुट्स एकत्रित किए जा रहे हैं।
विनोद तोमर के बयान भी दर्ज
दिल्ली पुलिस ने बताया कि डब्ल्यूएफआई सहायक सचिव विनोद तोमर के बयान भी दर्ज किए गए हैं। दिल्ली पुलिस की एफआईआर में विनोद तोमर भी आरोपी हैं।
बृजभूषण शरण से अपनी सफाई में कुछ वीडियो सबूत और मोबाइल डेटा जुटाने को कहा है। एसआईटी बृजभूषण से आगे भी पूछताछ करेगी।
दिल्ली पुलिस कहा कि पहलवानों की शिकायत पर दिल्ली पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक और
हरियाणा में जाकर पहलवानों की शिकायत पर साक्ष्य जुटा चुकी हैं। देश के बाहर जहां भी आरोप लगाए गए हैं, दिल्ली पुलिस संबंधित एजेंसियों के संपर्क में है।
बताया जा रहा है कि बृजभूषण पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोप से संबंधित मामले में दिल्ली पुलिस इस मामले में अब
तक 30 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। पुलिस अलग-अलग जगह से सबूत (फोटो-वीडियो) भी इकट्ठा कर रही है।
23 अप्रैल से धरने पर बैठे हैं पहलवान
बता दें कि, पहलवान 23 अप्रैल से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं। उन्होंने डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ
यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। दिल्ली पुलिस ने 28 अप्रैल को एक नाबालिग सहित सात महिला पहलवानों द्वारा
दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर बृजभूषण के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की थीं।
पुलिस ने मामले में एक नाबालिग लड़की सहित सभी सात शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए हैं।
जंतर-मंतर पर चल रहा पहलवानों का धरना दिन-प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है।
पहलवानों के धरने का आज 20वां दिन है। किसानों और खापों के जुड़ने के बाद प्रदर्शन में भीड़ भी बढ़ने लगी है।
प्रदर्शनकारी पहलवान यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग पर
अड़े हैं। बीती सप्ताह हुई किसानों और खापों की महापंचायत ने सरकार को बृजभूषण पर फैसला लेने के लिए 15 दिन का अल्टीमेटम दिया था।
