Virus:UP के अस्पतालों में इन्फ्लूएंजा पर अलर्ट, नए वायरस का खतरा बढ़ा; ओपीडी में मास्क अनिवार्य
virus:इन्फ्लूएंजा के नए वायरस एच 3 एन 2 का खतरा बढ़ गया है।
इससे बचाव के लिए अस्पतालों ने सतर्कता बढ़ा दी है।
ओपीडी और वार्ड में डॉक्टर-कर्मचारियों को मास्क लगाने के लिए कहा गया है।
हाथों को समय-समय पर धुलने की भी सलाह दी जा रही है। इसी प्रकार ओपीडी में आने वाले
मरीज-तीमारदारों को भी मास्क लगाने के लिए निर्देशित किया जा रहा है।
लोहिया संस्थान की निदेशक डॉ. सोनिया नित्यानंद ने बताया कि
इन्फ्लूएंजा से निपटने के लिए तैयारियां पूरी हैं।ओपीडी में डॉक्टर-कर्मचारियों को मास्क लगाकर
ही मरीजों को इलाज मुहैया कराने की सलाह दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि जरूरत पड़ने पर वार्ड भी बनाया जाएगा।
इसके लिए हॉस्पिटल ब्लॉक मुफीद है। ओपीडी व इमरजेंसी में सर्दी-जुकाम,
बुखार, सांस लेने में तकलीफ,जैसे लक्षणों के साथ सामान्य मरीज आ रहे हैं।
केजीएमयू माइक्रोबायोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. अमिता जैन के मुताबिक
इन्फ्लूएंजा एच 3 एन 2 जांच की सुविधा है। रोजाना 10 से अधिक नमूने जांच के लिए
आ रहे हैं। अभी घबराने जैसी कोई भी बात नहीं है। इस तरह का संक्रमण साल में दो से तीन बार
फैलता है। जो खुद-ब-खुद ठीक हो जाता है। हालांकि सावधानी बरतने की सख्त जरूरत है।
मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग के पालन की सलाह
आशियाना स्थित लोकबंधु अस्पताल में डॉक्टर-कर्मचारियों को मास्क पहनकर ही
मरीजों का इलाज करने के लिए निर्देशित किया गया है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि अस्पतालों में सतर्कता बढ़ा दी है।
मास्क व फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करने की सलाह दी जा रही है।
सर्दी-जुकाम, बुखार के मरीजों पर खास ध्यान
बलरामपुर अस्पताल के सीएमएस डॉ. जीपी गुप्ता ने बताया कि
इन्फ्लूएंजा एच 3 एन 2 का मरीज नहीं आया है। फिलहाल ऐसे मरीजों पर नजर रखी जा रही है
जो सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी, गले में खराश व भूख कम लगने जैसी शिकायत लेकर आ रहे हैं।
डॉक्टर-कर्मचारियों को मास्क लगाने की सलाह दी जा रही है।
