Inspection:पूर्वोत्तर रेलवे महाप्रबंधक ने माघ मेला-2026 के मद्देनजर स्टेशन तैयारियों का लिया अवलोकन
inspection: पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने आज 23 नवंबर 2025 को माघ मेला-2026 के दृष्टिगत झूसी और प्रयागराज रामबाग रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजामों का जायजा लिया।
महाप्रबंधक बोरवणकर ने झूसी रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, पैदल पुल, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, स्टेशन भवन, सर्कुलेटिंग एरिया, निकास एवं प्रवेश मार्ग, परिचालनिक एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
उन्होंने माघ मेला के दौरान यात्री आश्रय केंद्रों, वॉटर बूथ, टिकट काउंटर और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा रखने और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक तैयारी करने का निर्देश भी दिया।
प्रयागराज रामबाग स्टेशन का निरीक्षण
इसके बाद महाप्रबंधक ने प्रयागराज रामबाग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने मेला यात्रियों की सुविधा, दैनिक आवागमन की निरंतरता और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे इंतजामों की समीक्षा की। माघ मेला के लिए महाकुंभ के समय निर्मित व्यवस्थाओं को पुनः चालू करने का निर्देश भी दिया।
साफ-सफाई की स्थिति का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने गार्ड/लोको पायलट रनिंग रूम तथा रेलवे कॉलोनी का भी निरीक्षण किया और आवासीय सुविधाओं, ग्रीन बेल्ट और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक और विद्युत इंजीनियर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को माघ मेला-2026 में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समुचित कार्य योजना तैयार करने और उसका पालन करने का निर्देश दिया।
