Pmkisan : UP में चार जिलों में दो लाख 42 हजार किसानों को नहीं मिलेगा किसान सम्मान निधि का लाभ, जानें वजह
Pmkisan : मुरादाबाद मंडल के करीब 2.42 लाख किसानों की सम्मान निधि इस बार फंस गई है।
सरकार ने सम्मान निधि की चौदहवीं किश्त जारी करनी शुरू कर दी है।
कुछ जिलों में इंतजार है पर इस इस बार जिनकी केवाईसी होगी उन्हीं के खाते में सम्मान निधि की
रकम जाएगी। कैंप लगाए जा रहे पर वहां किसान आपेक्षाकृत कम पहुंच रहे हैं।
मंडल में करीब 5 लाख 62 हजार किसानों को सम्मान निधि के लिए सूचीबद्ध किया गया है।
किसान सम्मान निधि पोर्टल पर जिन किसानों के एकाउंट में केवाईसी के स्थान पर नो स्टेटस दिखा
रहा है उनकी सम्मान निधि रोक दी जाएगी। ऐसे में मंडल के
कुल 241995 किसानों की सम्मान निधि फंसनी तय है।
मुरादाबाद मंडल के चार जिलों में रामपुर में सबसे ज्यादा 90 हजार किसानों की केवाईसी पेंडिंग है।
मुरादाबाद में 70 हजार किसानों की केवाईसी, संभल में 51 हजार से ज्यादा और अमरोहा में
30 हजार किसानों की केवाईसी नहीं हुई है। वर्तमान में पीएम किसान संतृप्तीकरण अभियान
के तहत कैंप लगाए जा रहे हैं। इन कैंपों में किसानों का कम संख्या में पहुंचना भी
केवाईसी नहीं होने की एक वजह है। वहीं तमाम किसान स्मार्ट फोन नहीं होने की स्थिति में
पीएम किसान एप डाउनलोड नहीं कर पा रहे हैं। चौदहवीं
किसान सम्मान निधि की किश्त के लिए केवाईसी अनिवार्य कर दिया गया है।
ऐसे में किसानों के सामने मुश्किलें हो सकती हैं। मुख्य विकास अधिकारी सुमित यादव ने कहा कि
जिन किसानों की केवाईसी नहीं है वह कैंप में पहुंच कर करवा सकते हैं।
जन सुविधा केंद्रों के माध्यम से और मोबइल पर पीएम-किसान एप डाउनलोड करके कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने कहा कि केवाईसी के प्रति किसान भाई उदासीनता नहीं
बरतें। सम्मान निधि की चौदहवीं किस्त केवाईसी के बिना नहीं मिलेगी।
जिलावार किसान सम्मान निधि में केवाईसी न करवाने वाले किसान
जिला कुल लाभार्थी केवाईसी नहीं
मुरादाबाद 2.82 लाख 70000
संभल 3.08 लाख 51995
अमरोहा 2.32 लाख 30000
रामपुर 2.71 लाख 90000
कुल योग 5.62 लाख 241995
पीएम किसान एप इस तरह से करें डाउनलोड, खुद करें केवाईसी
पीएम किसान एप गूगल प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
एप डाउन लोड करने के बाद भाषा का चयन कर लॉगिन पर क्लिक करने से लॉगिन टाइप लिख कर
आएगा। यहां रजिस्ट्रेशन नंबर, आधार नंबर, मोबाइल नंबर का विकल्प आएगा।
इसमें किसी एक को एंटर करते ही ओटीपी आएगा इसके बाद एमपिन क्रिएट करना होगा।
इसमें छह अंकों का एमपिन क्रिएट कर लें। इसके बाद फेशियल ऑथोंटिकेशन में किसान अपने
फोटो पर क्लिक कर एमपिन पुन: एंटर करें तो सक्सेस फुल केवाईसी लिख कर आ जाएगा।
