PM awas yojana : सीएम योगी की पहल पर ग्रामीणों के लिए 1.44 लाख नये पीएम आवास, एक महीने में होंगे आवंटित
PM awas yojana : ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एक लाख 44 हजार 220 नये आवास आवंटित किए हैं। बीते 18 मई को मुख्यमंत्री ने आवास साफ्ट के तहत अतिरिक्त आवास आवंटन का आग्रह किया था। शुक्रवार को मंत्रालय ने अपर मुख्य सचिव ग्रामीण विकास विभाग को पत्र लिखकर यूपी के लिए अतिरिक्त आवास आवंटित किए जाने की जानकारी दी है।
शेष घरों को पूरा करने के लिए योजना को मार्च 2024 तक जारी रखने की मंजूरी दी
मुख्यमंत्री ने बीते 18 मई 2023 को केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय से अतिरिक्त आवास आवंटित करने का आग्रह किया था। जिसे ग्रामीण विकास मंत्रालय ने पूरा किया है। ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा यूपी को भेजे गए पत्र में जिक्र है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 2.95 करोड़ घरों के लक्ष्य में से शेष घरों को पूरा करने के लिए योजना को मार्च 2024 तक जारी रखने की मंजूरी दी है।
मंत्रालय ने इन आवासों को एक महीने के अंदर पात्रों को आवंटित करने को कहा
केंद्र सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में “हाउसिंग फार ऑल” के लक्ष्य के तहत ये अतिरिक्त आवास आवंटित किए हैं। आवास प्लस के तहत आवंटित ये आवास चालू वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए मिले हैं। इन आवासों का निर्माण व आवंटन इसी वित्तीय वर्ष में होगा। मंत्रालय ने इन आवासों को एक महीने के अंदर पात्रों को आवंटित करने को कहा है।
पीएम की उपस्थिति में 4.51 आवास पात्रों को दिए गए इसी महीने
बीती आठ जुलाई को यूपी में पीएम आवास ग्रामीण के 4.51 लाख पात्र लाभार्थियों को घर की चाभी दी गई थी। मुख्य कार्यक्रम वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। जहां पर वाराणसी व आसपास के जिलों के करीब 8000 लाभार्थियों को आवास दिए गए थे। प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी दिन कार्यक्रम का आयोजन कर आवास दिए गए थे।
ये हैं आंकड़े
– 34.72 लाख आवास अब तक यूपी को आवंटित हुए थे
– 144220 नये आवास और मिले आवास प्लस के तहत
– 29.68 लाख आवास बनाकर पात्रों को दिए जा चुके हैं
– 91 फीसदी आवासों का निर्माण आवास प्लस के तहत यूपी में दस महीनों में पूरा किया
– राष्ट्रीय औसत इस अवधि में 69 फीसदी रहा
